विवेचना होगी हाईटेक, जिले के 99 पुलिस विवेचकों को मिले स्मार्ट मोबाइल…
oplus_6291458
- एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने कहा- डिजिटल साक्ष्य से मजबूत होगी जांच, घटनास्थल पर ही होगा त्वरित दस्तावेजीकरण
जांजगीर-चांपा। अपराध अनुसंधान को तकनीक से जोड़ते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने विवेचना व्यवस्था को हाईटेक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने जिले के 99 पुलिस विवेचकों को अत्याधुनिक मोबाइल फोन वितरित किए। इस पहल से नए आपराधिक कानूनों के तहत विवेचना की गुणवत्ता, पारदर्शिता और गति में उल्लेखनीय सुधार आने की उम्मीद है।
मोबाइल वितरण के दौरान एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने सभी विवेचकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण की समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल साक्ष्य अपराध की जांच का महत्वपूर्ण आधार बन चुके हैं। इसलिए घटनास्थल से फोटो, वीडियो, लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का तत्काल एवं सुरक्षित संकलन कर केस को और मजबूत बनाया जाए।
एसपी ने विवेचकों से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संग्रहण, त्वरित कार्रवाई और निर्धारित समय-सीमा में विवेचना पूरी करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि तकनीक का प्रभावी उपयोग न केवल अपराध अनुसंधान को तेज करेगा, बल्कि न्यायिक प्रक्रिया को भी अधिक सशक्त और पारदर्शी बनाएगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन हाईटेक मोबाइलों की मदद से विवेचक घटनास्थल का तत्काल डिजिटल दस्तावेजीकरण कर सकेंगे, आवश्यक साक्ष्यों को सुरक्षित रूप से संकलित करेंगे तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रियल टाइम समन्वय स्थापित कर सकेंगे। इससे जांच की कार्यकुशलता बढ़ेगी और साक्ष्यों के संरक्षण में भी आसानी होगी।
मोबाइल वितरण कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। पुलिस विभाग का मानना है कि आधुनिक तकनीक से लैस यह पहल नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और बेहतर अपराध अनुसंधान की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
क्या होगा फायदा?
घटनास्थल से तत्काल फोटो-वीडियो और डिजिटल साक्ष्य संग्रहण।
वरिष्ठ अधिकारियों से रियल टाइम समन्वय।
समयबद्ध और वैज्ञानिक विवेचना को मिलेगा बढ़ावा।
जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता और न्यायिक कार्रवाई होगी अधिक मजबूत।