दुर्ग शहर की कमान संभालते ही एक्शन मोड में ASP शोभराज अग्रवाल, बोले— ‘सख्त पुलिसिंग होगी, अपराधियों को नहीं मिलेगी कोई राहत’…
- जनता से सहयोग की अपील, ट्रैफिक नियमों के पालन और साइबर ठगी से सतर्क रहने का दिया संदेश
भिलाई। दुर्ग शहर के नवनियुक्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP City) शोभराज अग्रवाल ने विधिवत सेक्टर 6 स्थित पुलिस कंट्रोल रूम अपने कार्यालय में पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालने के बाद उन्होंने शहर के सभी थाना क्षेत्रों का भ्रमण शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय के मार्गदर्शन में सख्त और विजिबल पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जाएगी तथा दुर्ग पुलिस की बेहतर कार्यप्रणाली को और मजबूत बनाया जाएगा।उन्होंने दुर्ग पुलिसिंग की तारीफ करते हुए कहा कि दुर्ग पुलिस शुरू से ही बेहतर पुलिसिंग का कार्य करते आ रही है जिसे आगे बढ़ाया जाएगा।
हमारे संवाददाता से विशेष बातचीत में ASP शहर शोभराज अग्रवाल ने कहा कि शहर के सभी थाना क्षेत्रों एवं शहर का भ्रमण किया जा रहा है और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखना है।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि “जनता कानून और नियमों का पालन करे तथा पुलिस का सहयोग करे। आप हमारा सहयोग करेंगे तो हम भी पूरी जिम्मेदारी के साथ आपकी सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। लेकिन कानून तोड़ने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
अपराधियों को स्पष्ट संदेश देते हुए ASP शहर अग्रवाल ने कहा कि “अपराधी कोई भी हो, किसी भी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।” उन्होंने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
यातायात व्यवस्था को लेकर उन्होंने लोगों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सभी ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यातायात नियम लोगों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं और उनका उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
साइबर अपराधों के संबंध में उन्होंने कहा कि दुर्ग पुलिस साइबर ठगी के मामलों में पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो तत्काल निकटतम थाना या साइबर पुलिस से संपर्क करें या 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराए। उन्होंने कहा कि पीड़ित सीधे उनके कार्यालय में आकर भी शिकायत कर सकते हैं और हर शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
शहर के गणमान्य लोग जनप्रतिनिधि व थानेदार उन्हें नई पदस्थापना की आकर बधाई दे रहे।