शारदा विद्यालय, रिसाली में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता सम्बन्धी कार्यशाला का आयोजन…
दुर्ग: शारदा विद्यालय, रिसाली में कक्षा नौंवी से बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यशाला में यातायात थाना प्रभारी (टी.आई.) श्री पी. डी. चंद्रा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व, विभिन्न यातायात संकेतों, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ट्रैफिक सिग्नलों का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवहार अपनाने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की,कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिवार तथा समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए। सत्र को रोचक, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बनाने के लिए व्यावहारिक उदाहरण भी प्रस्तुत किए गए।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने यातायात सुरक्षा शपथ लेकर सदैव यातायात नियमों का पालन करने, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
अंत में विद्यालय परिवार की ओर से टी.आई. श्री पी. डी. चंद्रा का आभार व्यक्त किया गया एवं ‘एक पेड़ माँ के नाम ‘के तत्वाधान में नन्हा पादप भेंट स्वरूप दिया गया।विद्यालय के प्राचार्य श्री रुद्र कांत झा ने यातायात पुलिस विभाग को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में जिम्मेदारी, अनुशासन एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यशाला का समापन राष्ट्रगान से किया गया।