बनारी स्कूल में लोकतंत्र का पाठ, छात्र संघ के चुनाव में विद्यार्थियों ने चुने अपने प्रतिनिधि…
- शपथ ग्रहण के साथ नई छात्र नेतृत्व टीम ने संभाली जिम्मेदारी, प्रत्यक्ष मतदान से हुआ पदाधिकारियों का चयन
जांजगीर -चाम्पा । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बनारी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्र संघ का गठन लोकतांत्रिक और पारदर्शी चुनावी प्रक्रिया के बीच संपन्न हुआ। विद्यालय परिसर में हुए इस चुनाव ने विद्यार्थियों को न केवल अपने प्रतिनिधि चुनने का अवसर दिया, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदान की जिम्मेदारी का व्यावहारिक पाठ भी पढ़ाया।
प्राचार्य डॉ. शालिनी श्रीवास्तव के निर्देशन तथा व्याख्याता राहुल दिवाकर के मार्गदर्शन में विद्यालय के शिक्षकों ने पूरी चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराया। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने मतपत्र के माध्यम से अपने पसंदीदा उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान किया।
कक्षा नायक-नायिका से शुरू हुआ चुनावी सिलसिला
छात्र संघ गठन की प्रक्रिया में सर्वप्रथम कक्षा नायक एवं कक्षा नायिका के लिए चुनाव कराया गया। कक्षा 9वीं में शशांक एवं योगिता बरेठ, कक्षा 10वीं में आयुष सिदार एवं साक्षी सिदार, कक्षा 11वीं में सुशील साहू एवं मधु खरे तथा कक्षा 12वीं में विक्रम पाटस्कर एवं हर्षिता रजक कक्षा नायक एवं नायिका निर्वाचित हुए।
इसके बाद विद्यालय स्तर पर शाला नायक एवं शाला नायिका के लिए विद्यार्थियों ने मतदान किया। मतपत्रों की गणना के बाद कक्षा 12वीं के आयुष साहू को शाला नायक तथा अनुष्का साहू को शाला नायिका चुना गया। वहीं क्षितिज लाठिया उपशाला नायक तथा प्रिंसी यादव उपशाला नायिका पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए।
खेल, साहित्य और अनुशासन की भी मिली जिम्मेदारी
छात्र संघ में विभिन्न गतिविधियों के संचालन के लिए भी पदाधिकारियों का चयन किया गया। अनिरुद्ध पाण्डेय एवं स्तुति धीवर को क्रीड़ा सचिव, जबकि नरेश बरेठ एवं समृद्धि साहू को सांस्कृतिक एवं साहित्यिक सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसी प्रकार योगेश्वर बरेठ एवं मुस्कान कारे को अनुशासन एवं स्वच्छता समिति का दायित्व दिया गया।
शपथ के साथ शुरू हुआ नई जिम्मेदारियों का सफर
मतदान और निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नव निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को उनके दायित्व एवं कर्तव्यों की शपथ दिलाई गई। मतदान प्रभारी राहुल दिवाकर एवं व्यायाम शिक्षक केशव साहू ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ दिलाकर विद्यालय हित में जिम्मेदारी निभाने का संकल्प कराया।
पूरी चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में विद्यालय के व्याख्याता सुनीता राठौर, अलका चंदेल, राजेश तंबोली, विवेक साव, मनीषा गुप्ता, गरिमा पाण्डेय, मूरितराम चंद्रा, आशीष देवांगन, अनिल मनु (सहायक ग्रेड-03), प्रभांशु कटकवार एवं प्रदीप साहू का विशेष योगदान रहा।
विद्यालय में संपन्न यह छात्र संघ चुनाव विद्यार्थियों के लिए महज प्रतिनिधि चुनने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतंत्र की बुनियादी भावना—मत, अधिकार और जिम्मेदारी—को करीब से समझने का एक सार्थक अवसर भी बना।