रक्षाबंधन पर विभिन्न महिला संगठनों की बहनों ने बी०एस०एफ जवानों की कलाई पर बांधा रक्षा-सूत्र — स्नेह, सम्मान और राष्ट्रभक्ति का अनुपम संगम।
भिलाई, 27 अगस्त 2026:-रक्षाबंधन के पावन अवसर पर रिसाली स्थित सामरिक मुख्यालय (विशेष-संक्रिया), बी०एस०एफ छत्तीसगढ़ में स्नेह, सम्मान, भाईचारे और राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत एक भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं महिला संगठनों से जुड़ी बहनों ने बी०एस०एफ के अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर रक्षा-सूत्र बांधकर उनके साहस, समर्पण एवं राष्ट्रसेवा के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम में माननीय श्रीमती रजनी बघेल जी, धर्मपत्नी माननीय सांसद, दुर्ग लोकसभा, मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों के रूप में माननीय श्री सुरेंद्र कौशिक जी, दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष, माननीय श्री दिनेश सिंह जी, प्रदेश संयोजक, एनजीओ प्रकोष्ठ, छत्तीसगढ़, माननीय श्रीमती तृप्ति चंद्राकर जी, दुर्ग जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष, माननीय श्रीमती स्वीटी कौशिक जी, भिलाई जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष, माननीय श्रीमती विनिता मनीष पांडे जी, समाजसेवी, माननीय डॉक्टर मानसी गुलाटी जी, छत्तीसगढ़ प्रांत अध्यक्ष, आरोग्य भारती, तथा बहन आशाबहन जी, ब्रह्माकुमारीज, भिलाई केंद्र उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर बहनों ने बी०एस०एफ के अधिकारियों एवं जवानों को तिलक लगाकर उनकी कलाई पर राखी बांधी और उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा सुरक्षित एवं सफल जीवन की मंगलकामना की। जवानों ने भी बहनों के इस आत्मीय स्नेह और सम्मान को अत्यंत श्रद्धा एवं भावनात्मक आत्मीयता के साथ स्वीकार किया।
बी०एस०एफ के अधिकारियों एवं जवानों ने इस पावन अवसर पर बहनों के स्नेह, आशीर्वाद और विश्वास के लिए उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया तथा राष्ट्र की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए सदैव पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प दोहराया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान सामरिक मुख्यालय परिसर में देशभक्ति, पारिवारिक आत्मीयता और सामाजिक सौहार्द का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। बहनों द्वारा जवानों को बांधा गया रक्षा-सूत्र केवल एक पारंपरिक धागा नहीं, बल्कि देश के रक्षकों और समाज के बीच अटूट विश्वास, सम्मान और आत्मीय संबंध का सशक्त प्रतीक बन गया।


