Home रायपुर घठुला-जैतपुरी मार्ग का कार्य अविलंब शुरू कराने की मांग, नगरी-सिहावा मार्ग को...

घठुला-जैतपुरी मार्ग का कार्य अविलंब शुरू कराने की मांग, नगरी-सिहावा मार्ग को फोरलेन बनाने की भी पहल…

9
0
  • विकास मरकाम और अरुण सार्वा ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर प्रमुखता से रखी दोनों मार्गों की मांग
  • दोनों महत्वपूर्ण सड़कों के लिए संबंधित अधिकारियों को उचित कार्यवाही के निर्देश

धमतरी। सिहावा विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए आदिवासी स्वास्थ्य परम्परा एवं औषधीय पादप बोर्ड छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष एवं भाजपा धमतरी विधानसभा प्रभारी विकास मरकाम तथा जिला पंचायत धमतरी के अध्यक्ष अरुण सार्वा ने नया रायपुर में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव से बुधवार को मुलाकात की। इस दौरान सिहावा विधानसभा क्षेत्र की दो अत्यंत महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई और क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों की ओर मंत्री का ध्यान आकर्षित कराया गया।

घठुला-जैतपुरी मार्ग का अविलंब कार्य प्रारंभ कराने की मांग

 

मुलाकात के दौरान विकासखंड नगरी के ग्राम सांकरा, घटुला, बेलरगांव एवं जैतपुरी मार्ग सहित लगभग 30 किलोमीटर मार्ग के टू-लेन चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य को प्राथमिकता के साथ स्वीकृति प्रदान कर कार्य अविलंब प्रारंभ कराने की मांग प्रमुखता से रखी गई। यह मार्ग क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और विकासखंड की लगभग 40 प्रतिशत आबादी के आवागमन का प्रमुख माध्यम एवं जीवनरेखा माना जाता है। सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, कृषि एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच और सुगम होगी।

मुलाकात उपरांत मीडिया से चर्चा करते हुए विकास मरकाम ने कहा कि सिहावा विधानसभा का बड़ा हिस्सा ग्रामीण एवं आदिवासी अंचल में आता है, जहां अच्छी सड़कें विकास की पहली आवश्यकता हैं। सांकरा-घटुला-बेलरगांव-जैतपुरी मार्ग हजारों लोगों के दैनिक आवागमन से जुड़ा हुआ है। इस मार्ग के उन्नयन से क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिलेगा तथा विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने कहा कि घठुला से जैतपुरी मार्ग के कार्य को अविलंब प्रारंभ कराने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही होना क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी सौगात होगी।

 

नगरी से सिहावा तक फोरलेन की मांग

 

इसके साथ ही नगर पंचायत नगरी के बजरंग चौक से बस स्टैंड सिहावा तक लगभग 10 किलोमीटर टू-लेन मार्ग को फोरलेन में उन्नयन करने की मांग भी मजबूती से रखी गई। पत्र में उल्लेखित मांग के अनुसार इस मार्ग पर लगातार बढ़ते यातायात के कारण वर्तमान दो-लेन सड़क पर दबाव बढ़ रहा है। क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों के साथ विद्यार्थियों, व्यापारियों, पर्यटकों तथा विभिन्न प्रकार के वाहनों का आवागमन लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए इस मार्ग का फोरलेन में उन्नयन अत्यंत आवश्यक बताया गया।

मुलाकात उपरांत मीडिया से चर्चा करते हुए अरुण सार्वा ने कहा कि नगरी-सिहावा मार्ग केवल दो नगरों को जोड़ने वाला रास्ता नहीं है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र की आर्थिक, सामाजिक और विकासात्मक गतिविधियों से जुड़ा महत्वपूर्ण मार्ग है। बढ़ते यातायात और क्षेत्र में विकास की संभावनाओं को देखते हुए इसे फोरलेन बनाया जाना समय की आवश्यकता है।

अरुण सार्वा ने कहा कि इन दोनों महत्वपूर्ण मार्गों की स्वीकृति के लिए उनके द्वारा विकास मरकाम जी के साथ पूर्व में भी प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री से मुलाकात कर निवेदन किया गया था। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की आवश्यकता को देखते हुए लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में आज लोक निर्माण विभाग के मंत्री अरुण साव से मुलाकात कर दोनों सड़कों की उपयोगिता और क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं से उन्हें अवगत कराया गया।

 

मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को दिए उचित कार्यवाही के निर्देश

 

विकास मरकाम एवं अरुण सार्वा ने बताया कि उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने दोनों जनहितकारी मांगों को गंभीरता एवं ध्यानपूर्वक सुना। चर्चा के बाद मंत्री द्वारा दोनों मार्गों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को उचित कार्यवाही हेतु लिखित निर्देश जारी किए गए, जिससे इन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में उम्मीद मजबूत हुई है।

 

मसान डबरा में 33 कमार परिवारों के आवास की भी दी जानकारी

 

मुलाकात के दौरान विकासखंड नगरी की ग्राम पंचायत सांकरा के आश्रित ग्राम मसान डबरा में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत 33 कमार परिवारों के लिए निर्माणाधीन आवास की जानकारी भी उपमुख्यमंत्री अरुण साव को दी गई। उन्हें बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशानुरूप कमार परिवारों के लिए सर्वसुविधायुक्त आवास एवं व्यवस्थित कॉलोनी का निर्माण किया जा रहा है।

 

इस पहल की जानकारी पर मंत्री अरुण साव ने जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा भविष्य में स्वयं मसान डबरा पहुंचकर निर्माणाधीन स्थल का निरीक्षण करने का आश्वासन दिया।

सिहावा विधानसभा क्षेत्र के लिए एक ही मुलाकात में घठुला-जैतपुरी मार्ग के उन्नयन तथा नगरी-सिहावा मार्ग को फोरलेन बनाने जैसी दो महत्वपूर्ण सड़क मांगों को मजबूती से उठाए जाने से क्षेत्रवासियों में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है।