दुर्ग, 12 सितंबर 2026 – अखिल भारतीय विद्युत मंडलीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक(एकल में कांस्य, युगल एवं टीम इवेंट में गोल्ड) जीतकर छत्तीसगढ़ पॉवर कंपनी का मान बढ़ाने वाले दुर्ग रीजन के खिलाड़ी श्री रजनीश ओबेरॉय ने प्रतियोगिता के पश्चात दुर्ग रीजन के कार्यपालक निदेशक श्री शिरीष सेलट से सौजन्य मुलाकात की। कार्यपालक निदेशक ने उन्हें इस शानदार सफलता पर हार्दिक बधाई दी। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री एस मनोज, अधीक्षण अभियंता श्री आर.के. श्रीवास्तव, वरिष्ठ कल्याण अधिकारी श्री दीपक कुमार डुम्भरे सहित अन्य अधिकारियों ने भी विजेता खिलाड़ी को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
उल्लेखनीय है कि रायपुर में 6 से 8 सितंबर 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी ने शानदार खेल दिखाते हुए टीम चौंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में देश भर की नौ टीमों ने हिस्सा लिया तथा इस दौरान सिंगल्स के 45 मुकाबले, डबल्स के 34 और टीम इवेंट के 20 मैच सहित कुल 99 मुकाबले खेले गए। समापन समारोह में पावर कंपनी के तीनों प्रबंध निदेशकों ने विजेताओं को पुरस्कृत किया तथा वरिष्ठ खिलाड़ी प्रशांत बापट को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का परिचय दिया। युगल मुकाबले में छत्तीसगढ़ के श्री रजनीश ओबेरॉय और श्री अनुराग शर्मा की जोड़ी ने बाजी मारकर स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि आंध्र प्रदेश ट्रांसमिशन कंपनी के श्री एन आदिनारायण और श्री एमवीवी रामकृष्ण उपविजेता रहे। एकल स्पर्धा में कोलकाता इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड के श्री गौतम सिन्हा विजेता बने, असम के श्री अनुपम तामुली उपविजेता रहे और छत्तीसगढ़ के श्री रजनीश ओबेरॉय ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। टीम चौंपियनशिप में छत्तीसगढ़ की विजेता टीम के बाद असम पावर कंपनी दूसरे और तमिलनाडु इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड तीसरे स्थान पर रहा।



