- रूस, ब्राज़ील, इथियोपिया, चीन और दक्षिण अफ्रीका के प्रतिनिधियों के साथ हुई वन-टू-वन बिजनेस मीटिंग
भिलाई। उद्योग चेम्बर भिलाई के अध्यक्ष एवं उद्योगपति श्री जितेंद्र प्रसाद गुप्ता ने नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स बिजनेस फोरम 2026 में महत्वपूर्ण सहभागिता करते हुए उद्योग एवं एमएसएमई क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।
इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी एवं रूस के राष्ट्रपति माननीय श्री व्लादिमीर पुतिन जी सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों, उद्योगपतियों एवं व्यापारिक संगठनों की सहभागिता रही।
ब्रिक्स बिजनेस फोरम के दौरान श्री जितेंद्र प्रसाद गुप्ता ने रूस, ब्राज़ील, इथियोपिया, चीन और दक्षिण अफ्रीका के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बिजनेस मीटिंग की। इन बैठकों में औद्योगिक एवं व्यापारिक सहयोग, एमएसएमई उत्पादों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार की संभावनाओं, तकनीकी सहयोग, आयात-निर्यात तथा भविष्य में आपसी व्यावसायिक साझेदारी को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
श्री गुप्ता ने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ के एमएसएमई एवं औद्योगिक उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की संभावनाओं को प्रतिनिधियों के समक्ष रखा।
उन्होंने प्रदेश में उपलब्ध औद्योगिक क्षमताओं, तकनीकी दक्षता तथा मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए विदेशी प्रतिनिधियों को छत्तीसगढ़ के उद्योगों के साथ व्यापारिक सहयोग बढ़ाने के लिए आमंत्रित किया।
इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मंच पर श्री जितेंद्र प्रसाद गुप्ता को एमएसएमई क्षेत्र के प्रतिनिधि के रूप में मिली जिम्मेदारी को छत्तीसगढ़ के उद्योग एवं व्यापार जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
एमएसएमई को देश की आर्थिक प्रगति, रोजगार सृजन और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार मानते हुए इस क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।
ब्रिक्स बिजनेस फोरम में स्टार्टअप, एमएसएमई, नवाचार, निवेश, तकनीकी सहयोग, अंतरराष्ट्रीय व्यापार तथा वैश्विक बाजारों में भारतीय उद्योगों की भागीदारी बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष चर्चा हुई। ब्रिक्स देशों के बीच एमएसएमई और स्टार्टअप के लिए सहयोग के नए अवसर विकसित करने पर भी जोर दिया गया।
श्री जितेंद्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि ब्रिक्स जैसे वैश्विक मंच पर विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद से छत्तीसगढ़ के उद्योगों, विशेषकर एमएसएमई क्षेत्र के लिए नए अवसरों के द्वार खुल सकते हैं। उनका प्रयास रहेगा कि इन अंतरराष्ट्रीय संपर्कों को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश के उद्यमियों को निर्यात, तकनीकी सहयोग, निवेश और नए वैश्विक बाजारों से जोड़ा जाए।
ब्रिक्स बिजनेस फोरम में श्री गुप्ता की सक्रिय भागीदारी और पाँच देशों के प्रतिनिधियों के साथ हुई वन-टू-वन बैठकों को छत्तीसगढ़ के उद्योग एवं व्यापार जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
इससे प्रदेश के एमएसएमई और उद्यमियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और व्यावसायिक अवसर मिलने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।





