- शासकीय दस्तावेज फाड़ने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
जांजगीर-चाम्पा। नगर पालिका परिषद अकलतरा के कार्यालय में घुसकर कर्मचारी के साथ मारपीट करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार घटना 15 सितंबर 2026 की दोपहर करीब 3 बजे की है। नगर पालिका कर्मचारी कार्यालय में अपने शासकीय कार्य में जुटा था। इसी दौरान वार्ड क्रमांक 11 निवासी मनोज कुमार टण्डन (42) कथित तौर पर शराब के नशे में कार्यालय पहुंचा और कर्मचारी से अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौच व मारपीट करने लगा। आरोप है कि इस दौरान उसने शासकीय दस्तावेज भी फाड़ दिए और कार्यालयीन कार्य में बाधा उत्पन्न की।
मामला यहीं नहीं थमा। पुलिस के मुताबिक आरोपी बाद में दोबारा नगर पालिका कार्यालय पहुंचा और कर्मचारी से इस बात को लेकर विवाद करने लगा कि उसके खिलाफ रिपोर्ट क्यों दर्ज कराई गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और कार्यालय में पड़े पत्थर से कर्मचारी के सिर पर वार कर दिया। वार से कर्मचारी के सिर में चोट लगी और खून निकलने लगा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की शिकायत मिलने पर थाना अकलतरा में आरोपी के खिलाफ धारा 121(1), 221, 132, 296, 351(3) और 115(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान उसके अकलतरा क्षेत्र में घूमने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार टण्डन, उम्र 42 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11, आजाद चौक, अकलतरा के रूप में हुई है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू, उप निरीक्षक बी.एल. कोसरिया सहित थाना अकलतरा स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।



