- स्थानीय बाजारों से खरीदारी का संदेश लेकर स्कूलों, सोसायटियों और कोचिंग संस्थानों तक पहुंचेगा चेम्बर
भिलाई। त्योहारों के अवसर पर स्थानीय बाजारों में खरीदारी को बढ़ावा देने तथा व्यापारियों और उपभोक्ताओं के बीच मजबूत संबंध बनाने के उद्देश्य से भिलाई चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा “आया त्योहार–चलो बाजार” अभियान का आयोजन किया जा रहा है।
इस अभियान के माध्यम से चेम्बर द्वारा आम जनता से ऑनलाइन शॉपिंग के बजाय स्थानीय बाजारों और स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करने का आह्वान किया जा रहा है। चेम्बर प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने बताया कि स्थानीय बाजारों से खरीदारी करने से शहर के व्यापार को मजबूती मिलती है और त्योहारों की खुशियां पूरे स्थानीय व्यापारिक समुदाय तक पहुंचती हैं।
स्कूलों से लेकर सोसायटियों तक पहुंचेगा अभियान
भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गार्गी शंकर मिश्र ने बताया कि अभियान के अंतर्गत चेम्बर की टीम स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को स्थानीय बाजारों से खरीदारी करने के लिए प्रेरित करेगी तथा ब्रोशर का वितरण किया जाएगा। विद्यार्थियों के माध्यम से उनके परिवारों तक भी “लोकल बाजार–हमारी जिम्मेदारी” का संदेश पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक कन्हैया सोनी ने कहा कि विभिन्न आवासीय सोसायटियों में जाकर परिवारों को त्योहार के अवसर पर बाजार आने और स्थानीय दुकानदारों से खरीदारी करने का निमंत्रण दिया जाएगा एवम शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों में जाकर युवाओं को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा, जहां उन्हें स्थानीय बाजारों से खरीदारी के महत्व की जानकारी दी जाएगी।
चेयरमैन दिनकर बसोतिया जी ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में उत्साह और ग्राहकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए चेम्बर द्वारा सिक्के एवं करेंसी वितरण जैसे विशेष आयोजन भी किए जाएंगे। इसके साथ ही लड्डू वितरण कर त्योहार की खुशियां आम नागरिकों एवं व्यापारियों के साथ साझा की जाएंगी।
बाजार व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
“आया त्योहार–चलो बाजार” केवल प्रचार अभियान नहीं, बल्कि व्यापारियों और ग्राहकों के लिए बेहतर बाजार व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी प्रयास है।
इसके अंतर्गत विभिन्न बाजारों में व्यापारियों के साथ बैठक कर बाजार की व्यवस्थाओं एवं समस्याओं पर चर्चा तथा समस्या निवारण का प्रयास किया जाएगा।
अजय भसीन ने बताया कि
त्योहार सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों से चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही बाजारों में सुरक्षा के लिए गार्ड्स की व्यवस्था पर भी प्रशासन एवं संबंधित विभागों से समन्वय किया जाएगा।
प्रचार रथ शहर में देगा स्थानीय खरीदारी का संदेश
अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए विशेष प्रचार रथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों एवं बाजारों में भ्रमण करेगा, जिसके माध्यम से नागरिकों को त्योहारों की खरीदारी स्थानीय बाजारों से करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों को भी सहभागी बनाया जाएगा, ताकि बाजारों में बेहतर व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर समन्वित प्रयास किए जा सकें।
कर्मकार सम्मान के माध्यम से श्रम का सम्मान
अभियान के अंतर्गत त्योहार की खुशियों को समाज के उन लोगों तक भी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, जो दिन-रात मेहनत कर शहर और बाजारों की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में योगदान देते हैं। इसी उद्देश्य से कर्मकार सम्मान कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
यह अभियान 12 अक्टूबर से प्रारंभ किया जाएगा।
प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सूचना शंकर सचदेव ने दी।



