दुर्ग, 12 अक्टूबर 2026। मेहनतकश आवास अधिकार संघ ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि आज अस्पताल सेक्टर, भिलाई के सैकड़ों महिला-पुरुषों ने दुर्ग कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जिलाधीश के नाम ज्ञापन सौंपा। एसडीएम श्री गुप्ता ने ज्ञापन ग्रहण किया।
इस दौरान अस्पताल सेक्टर के निवासियों ने अपनी पीड़ा और समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखते हुए मांग की कि प्रभावित परिवारों को उचित आवास उपलब्ध कराकर उनका स्थायी व्यवस्थापन किया जाए, ताकि उनके जीवन, रोजगार और बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
निवासियों ने बताया कि अस्पताल सेक्टर के लगभग 400 बच्चे कक्षा 1 से 12वीं तक पढ़ाई कर रहे हैं। यदि परिवारों को यहां से हटाकर बहुत दूर आवास दिया जाता है, तो बच्चों की पढ़ाई बाधित होगी और उनकी शिक्षा पर गंभीर असर पड़ेगा। साथ ही, अधिकांश परिवारों का रोजगार अस्पताल सेक्टर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों से जुड़ा हुआ है। दूरस्थ स्थान पर विस्थापन होने से मजदूर परिवारों के रोजगार और आजीविका पर भी संकट खड़ा हो जाएगा।
इसलिए संघ ने मांग की है कि प्रभावित परिवारों को अस्पताल सेक्टर के आसपास ही आवास उपलब्ध कराया जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रह सके और परिवार अपने रोजगार से जुड़े रह सकें। आवास की व्यवस्था करते समय मजदूर परिवारों की आर्थिक स्थिति, बच्चों के भविष्य और आजीविका को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
मेहनतकश आवास अधिकार संघ ने कहा कि गरीब मेहनतकश परिवारों के लिए आवास केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि उनके बच्चों के भविष्य, शिक्षा, रोजगार और सम्मानजनक जीवन से जुड़ा सवाल है। इसलिए प्रशासन को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रभावित परिवारों के हित में स्थायी और उचित समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम में विजयम्मा, इस्रातम्मा, बालम्मा, वर्षा, मोहन कुर्रे, अरुणा, संतोषी, अनुसुइया, सुंदरीया, शारदा, सियाराम, चंद्रलीला, नारायण राव, कलादास डेहरिया सहित सैकड़ों महिला-पुरुष मजदूर उपस्थित थे।





