दिल्ली लौटे PM मोदी, CCS मीटिंग शुरू, राहुल गांधी ने अमित शाह को किया फोन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सऊदी अरब से भारत के लिए रवाना हो चुके हैं. वे जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद अपनी यात्रा को छोटा कर दिया और वापस आने का फैसला किया. सरकारी सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री जेद्दा से दिल्ली लौट आये है, प्रधानमंत्री मोदी अब सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की बैठक ले रहे है. इससे पहले, पीएम नरेन्द्र मोदी और सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के बीच जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हमले को लेकर बातचीत हुई. मोहम्मद बिन सलमान ने आतंकवादी हमले की निंदा की. इस दौरान दोनों देशों के नेताओं ने रणनीतिक साझेदारी परिषद की सह-अध्यक्षता की, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच मित्रता को और मजबूत करना है.
मंगलवार को दो दिवसीय यात्रा पर जेद्दा पहुंचे PM मोदी ने कश्मीर की स्थिति का आकलन करने के लिए क्राउन प्रिंस के साथ अपनी निर्धारित बैठक में करीब दो घंटे की देरी की. पहलगाम में आतंकवादियों ने 26 लोगों की हत्या कर दी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे. यह हमला 2019 में पुलवामा हमले के बाद घाटी में सबसे घातक हमला है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की निंदा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वह हमले की निंदा करते हैं. उन्होंने लिखा, जो लोग इस जघन्य कृत्य के पीछे हैं, उन्हें कटघरे में लाया जाएगा और बख्शा नहीं जाएगा. आतंकवाद से लड़ने का हमारा संकल्प अडिग है.