भारत vs इंग्लैंड 2nd Test, Day 2: कप्तान शुभमन गिल ने जड़ा दोहरा शतक…
- शुभमन गिल टेस्ट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं. उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 2019 में पुणे में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 254 रन बनाए थे.
शुभमन गिल टेस्ट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं. उन्होंने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 2019 में पुणे में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 254 रन बनाए थे. उन्होंने सुनील गावस्कर और राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ा है. भारत का स्कोर 550 पार है. बर्मिंघम में दूसरे दिन लंच के बाद शुभमन गिल ने 311 गेंदों में दोहरा शतक जड़ा. यह गिल के टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक है. गिल इंग्लैंड में बतौर कप्तान दोहरा शतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान हैं. इससे पहले, दूसरे दिन लंच तक भारतीय टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 419 रन बनाए. भारत ने दूसरे दिन पहले सेशन में एक विकेट गंवाया है और उसने 109 रन जोड़े हैं. रवींद्र जडेजा भले ही शतक से चूक गए, लेकिन उन्होंने छठे विकेट के लिए कप्तान गिल के साथ मिलकर 203 रनों की साझेदारी कर, भारत के स्कोर को 400 के पार पहुंचाया. जडेजा 89 के स्कोर पर जोश टंग का शिकार बने. बता दें, भारत ने दूसरे टेस्ट के पहले दिन की समाप्ति पर पांच विकेट के नुकसान पर 309 रन बना लिए. कप्तान शुभमन गिल ने लगातार दूसरा शतक लगाया. वह 114 रन पर नाबाद हैं. उनके साथ रवींद्र जडेजा 41 रन पर खेल रहे हैं.