क्रिकेटर यश दयाल की बढ़ीं मुश्किलें, दर्ज हुआ एक और रेप केस…
जयपुर: आईपीएल सीजन 18 की चैंपियन टीम रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु के तेज गेंदबाज यश दयाल के खिलाफ रेप का एक और केस दर्ज हुआ है। पिछले दिनों यूपी के गाजियाबाद में केस दर्ज हुआ था और अब जयपुर के सांगानेर सदर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। जयपुर के कालवाड़ निवासी एक लड़की ने यश दयाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया है। यानी कि पीड़ित लड़की नाबालिग है। उसकी उम्र 18 वर्ष से कम है। इस केस में क्रिकेटर यश दयाल की मुश्किलें बढ़ना तय है।
नाबालिग ने लगाए ये गंभीर आरोप
बुधवार 23 जुलाई की शाम को जयपुर शहर के कालवाड़ रोड क्षेत्र में रहने वाली एक लड़की ने सांगानेर सदर थाने में केस दर्ज कराया है। लड़की का आरोप है कि क्रिकेटर यश दयाल ने उसे कई तरह के प्रलोभन देकर नजदीकियां बढाई। क्रिकेट में केरियर बनाने और उसके तमाम ख्वाब पूरे करने का दावा करते हुए दुष्कर्म किया। पीड़ित लड़की का कहना है यश दयाल ने उसकी भावनात्मक और पारिवारिक कमजोरी का फायदा उठाते हुए देहशोषण किया। उसने 11 और 12 अप्रैल 2025 की रात को सीतापुरा स्थित होटल इंटर कॉन्टीनेंटल में बुलाकर दुष्कर्म किया। मामले की जांच इंस्पेक्टर अनिल जैमन कर रहे हैं।
15 दिन पहले गाजियाबाद में दर्ज हुआ रेप केस
आरसीबी के इस धांसू गेंदबाज के खिलाफ इसी महीने 6 जुलाई को यूपी के गाजियाबाद में भी एक लड़की ने दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। लड़की का आरोप था कि क्रिकेटर यश दयाल ने शादी का झांसा देकर उसे लीव इन रिलेशनशिप के रूप में साथ रखा। करीब पांच साल तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और अब शादी से इनकार कर दिया। क्रिकेटर यश दयाल से युवती का संपर्क सोशल मीडिया के जरिए हुआ था। पिछले पांच साल से सोशल मीडिया के अलग अलग प्लेटफार्म पर चेटिंग और कॉलिंग भी होती रही लेकिन अब यश दयाल ने उसे ब्लॉक कर दिया। पीड़ित युवती ने ट्वीट के जरिए सीएम योगी आदित्यनाथ से भी शिकायत की थी। बाद में पुलिस थाने पहुंच कर एफआईआर दर्ज कराई।