भिलाई इस्पात संयंत्र के सीएसआर एवं एम एंड एचएस विभाग द्वारा ‘मिशन लक्ष्मी’ स्त्री-रोग स्वास्थ्य शिविर का आयोजन…
भिलाई/दिनांक- 06.08.2025 भिलाई इस्पात संयंत्र के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) विभाग और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं विभाग के अंतर्गत जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र के सहयोग से शासकीय डॉ. वामन वासुदेव पाटणकर गर्ल्स पीजी कॉलेज, दुर्ग में 15वां ‘मिशन लक्ष्मी’ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया। महिलाओं, एवं किशोरियों में स्वास्थ्य जागरूकता को प्रोत्साहित करने हेतु आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया और उन्हें व्यापक चिकित्सा परामर्श, निदान सेवाएं एवं स्वास्थ्य शिक्षा का लाभ मिला।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एम एंड एचएस) डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर द्वारा शिविर का शुभारंभ किया गया, जो विशेष रूप से किशोरावस्था की छात्राओं पर केंद्रित रहा। पूरे दिन जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य जांच, निदान सेवाएं और परामर्श प्रदान किया। शिविर में हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, ब्लड ग्रुप, सिकलिंग और पीएपी स्मीयर जैसी जांचें की गईं। कुल 85 हीमोग्लोबिन टेस्ट, 30 सिकलिंग टेस्ट, 25 ब्लड ग्रुप टेस्ट और 10 पीएपी स्मीयर सैंपल लिए गए। छात्राओं को तत्काल निदान और चिकित्सकीय उपचार भी उपलब्ध कराया गया।
चिकित्सीय सेवाओं के साथ-साथ, शिविर में किशोरियों एवं महिलाओं की आवश्यक स्वास्थ्य जरूरतों पर जागरूकता सत्र भी आयोजित किए गए। इसी अवसर पर विश्व स्तनपान सप्ताह भी मनाया गया, जहां चीफ कंसल्टेंट (पीडियाट्रिक्स) डॉ. सुभास्मिता पटनायक ने स्तनपान के शिशु, माता, परिवार और समाज के लिए लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। छात्राओं में सहभागिता और जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए एएम (इमरजेंसी सर्विसेज) सुश्री लता मिश्रा के समन्वय में स्वास्थ्य क्विज़ आयोजित किया गया, जिसमें सक्रिय सहभागिता रही और सही उत्तर देने वाली छात्राओं को 25 पुरस्कार वितरित किए गए।
शिविर की सफलता में अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी (पीडियाट्रिक्स) डॉ. सम्बिता पांडा, चीफ कंसल्टेंट (पीडियाट्रिक्स) डॉ. सुभस्मिता पटनायक, एमओ (ओबीजी) डॉ. स्वाति शुक्ला, डीएनबी (ओबीजी) डॉ. सोनालिका, एएम (इमरजेंसी सर्विसेज) सुश्री लता मिश्रा, डायटिशियन सुश्री परोमिता दासगुप्ता, एएम (ओबीजी) सुश्री शशि सिंह, तकनीशियन सुश्री गुंजन एवं सुश्री अनुकृति तथा असिस्टेंट सुश्री सरिता चौधरी सहित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय, भिलाई की समर्पित टीम का योगदान रहा, जिन्होंने पूरे दिन छात्राओं, शिक्षकों और स्टाफ को विशेषज्ञ परामर्श व चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर के सुचारू संचालन और योजनाबद्ध क्रियान्वयन हेतु कार्यपालक निदेशक (एम एंड एचएस) डॉ. रवींद्रनाथ एम ने मार्गदर्शन दिया। इस आयोजन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनिता द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एम एंड एचएस) डॉ. कौशलेंद्र ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सौरव मुखर्जी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. उदय कुमार, महाप्रबंधक (सीएसआर) श्री शिवराजन नायर और उप महाप्रबंधक (सीएसआर) सुश्री अपर्णा चंद्रा ने सक्रिय भूमिका निभाई। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रंजना श्रीवास्तव, डॉ. रेश्मा लेकस तथा कॉलेज के संकाय सदस्यों और छात्राओं के सहयोग से यह शिविर अत्यंत सफल रहा।
——————–