साय कैबिनेट की होगी बैठक, सीएम आज करेंगे कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंस…
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज सुबह 11 बजे मंत्रालय, महानदी भवन में कैबिनेट की बैठक होगी. सीएम के पहले विदेश दौरे से पहले होनी वाली यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. बैठक में कृषि, उद्योग, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा संभव है.
मंत्रालय में सीएम साय आज करेंगे विभिन्न बैठक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मंत्रालय, महानदी भवन में विभिन्न महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे. सुबह 11 बजे से कैबिनेट की बैठक लेंगे. इसके अलावा वे प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों से भी बैठक करेंगे. इस दौरान शिक्षा और स्वास्थ्य पर आधारित प्रस्तुतीकरण देखेंगे.
खेल अलंकरण समारोह की बदली तारीख
खेल अलंकरण समारोह की तारीख बदल दी गई है. पहले यह आयोजन 29 अगस्त को होना था, लेकिन अब इसे 3 सितंबर को आयोजित किया जाएगा. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विदेश दौरे के कारण तारीख आगे बढ़ाई गई है. इस समारोह में सीएम साय के साथ डॉ. रमन सिंह भी शामिल होंगे. खेल मंत्री टंकराम वर्मा कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे. इस मौके पर छत्तीसगढ़ के उन खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है.