साय मंत्रिमंडल में 3 नए मंत्रियों ने हिंदी में ली शपथ…
रायपुर: छत्तीसगढ़ कैबिनेट का आज विस्तार हो रहा है. विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल में तीन नए मंत्री बनाए जा रहे हैं. राजभवन में सुबह साढ़े 10 बजे से साढ़े 11 बजे तक शपथग्रहण समारोह का आयोजन किया गया . बीजेपी सूत्रों से जानकारी मिली है कि तीन विधायकों को शपथग्रहण का आधिकारिक आमंत्रण मिला है. तीन विधायकों में अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब और दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव है. गजेंद्र यादव छत्तीसगढ़ में यादव समाज से आते हैं जबकि राजेश अग्रवाल कारोबारी वर्ग से और गुरु खुशवंत साहेब का नाम छत्तीसगढ़ के आध्यात्मिक गुरुओं में शुमार है. मंत्रिमंडल विस्तार से पहले ही ये कयास लगाए जा रहे थे कि नए चेहरों में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने पर विशेष जोर दिया जाएगा.
सीएम विष्णुदेव साय ने तीनों नए मंत्रियों को दी शुभकामनाएं
सीएम विष्णुदेव साय ने कैबिनेट में शामिल तीनों नए मंत्रियों को शुभकामनाएं दी है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया- “आज शपथ लेने वाले मेरे कैबिनेट के नए सदस्य गजेंद्र यादव, गुरु खुशवंत साहेब, राजेश अग्रवाल को बधाई और शुभकामनाएं. मुझे पूरा विश्वास है कि सभी मंत्रीगण पूरी निष्ठा और लगन से जनता की सेवा कर विकास और सुशासन का सुनहरा अध्याय रचेंगे। सभी साथियों को शुभेच्छा.”
छत्तीसगढ़ में अब 14 मंत्री
छत्तीसगढ़ में तीन नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण के साथ साय कैबिनेट में अब 14 मंत्री बन गए हैं. अभी विभागों का बंटवार होना बाकी है.
अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल बने मंत्री
छत्तीसगढ़ में तीसरे नए मंत्री के रूप में अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल ने पद और गोपनीयता की शपथ ली.
आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने ली मंत्री पद की शपथ
आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब को राज्यपाल ने दिलाई मंत्री पद की शपथ.
दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव ने ली मंत्री पद की शपथ
सबसे पहले दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव ने प्रदेश के मंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली.