भारत में अपना पहला आफिस खोलेगा OpenAI, सैम ऑल्टमैन अगले महीने करेंगे दौरा…
- OpenAI ने नई दिल्ली में अपना पहला भारतीय कार्यालय खोलने की घोषणा की है. कंपनी ने स्थानीय टीम के विस्तार के लिए भर्तियां पहले ही शुरू कर दी है. ChatGPT के लिए भारत दूसरा सबसे बड़ा बाजार है…
OpenAI in India: लोकप्रिय जेनरेटिव एआई मॉडल चैटजीपीटी (ChatGPT) बनाने वाली कंपनी ओपनएआई (OpenAI) ने भारत में अपनी औपचारिक शुरुआत की घोषणा की है. कंपनी जल्द ही नई दिल्ली में अपना पहला भारतीय ऑफिस (OpenAI India Office) शुरू करेगी. ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार, ओपनएआई ने स्थानीय टीम को बढ़ाने के लिए भर्ती प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी है. यह कदम इस कारण महत्वपूर्ण हो जाता है कि चैटजीपीटी के लिए भारत दूसरा सबसे बड़ा बाजार है.
AI Hiring India: अभी सिर्फ एक कर्मचारी
अभी भारत में ओपनएआई के पास सिर्फ एक कर्मचारी हैं, जिनका नाम प्रज्ञा मिश्रा है. वह पिछले साल से सार्वजनिक नीति और साझेदारी की प्रमुख हैं. ओपनएआई का लक्ष्य नए कार्यालय के साथ भारत की विशाल तकनीकी प्रतिभा का लाभ उठाना भी है. भारत लगभग 1.5 अरब की आबादी और विश्व-स्तरीय तकनीकी प्रतिभा के चलते वैश्विक टेक दिग्गजों के लिए आकर्षक बाजार है. यूजर्स के हिसाब से देखें तो अभी चैटजीपीटी के लिए भारत से बड़ा बाजार सिर्फ अमेरिका है.
OpenAI Expansion: भारत में यूजर बेस बढ़ाने की पहल
ओपनएआई भारत में अपना यूजर बेस बढ़ाने पर भी ध्यान दे रही है. कंपनी ने इसे ध्यान में रखते हुए हाल ही में भारतीय यूजर्स के लिए एक किफायती मासिक योजना शुरू की है, जिसकी कीमत 399 रुपए (लगभग 4.6 डॉलर) है. इसके अलावा, ओपनएआई इस साल के अंत में भारत में अपना पहला डेवलपर डे आयोजित करने की योजना बना रही है, जो स्थानीय नवाचार और डेवलपर समुदाय को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम होगा.
IndiaAI Mission को मिलेगा सपोर्ट
ओपनएआई का यह विस्तार भारत सरकार के 1.2 अरब डॉलर के इंडियाएआई मिशन के अनुकूल है. यह मिशन स्थानीय जरूरतों के लिए कस्टमाइज्ड बड़े और छोटे लैंग्वेज मॉडल विकसित करने का एक महत्वाकांक्षी प्रयास है. कंपनी ने इस मिशन के समर्थन में अपनी प्रतिबद्धता जताई है. ओपनएआई को भारत में ऑफिस शुरू करने से सरकार, व्यवसायों, डेवलपर्स और शैक्षणिक संस्थानों के साथ घनिष्ठ साझेदारी बनाने में मदद मिलेगी. कंपनी का लक्ष्य भारतीय यूजर्स के लिए विशेष रूप से तैया टूल विकसित करना है. हाल ही में लॉन्च किया गया जीपीटी-5 मॉडल भी इस प्रयास में शामिल है, जो भारतीय भाषाओं को बेहतर ढंग से समर्थन देता है.
ओपनएआई के डेटा के अनुसार, भारत में साप्ताहिक आधार पर चैटजीपीटी के एक्टिव यूजर्स पिछले एक साल में चार गुना बढ़ गए हैं. भारत वैश्विक स्तर पर सबसे बड़े स्टूडेंट यूजर बेस वाला देश है. भारत ओपनएआई प्लेटफॉर्म पर शीर्ष पांच डेवलपर बाजारों में भी शामिल है.
अगले महीने भारत आ सकते हैं Sam Altman
ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन का कहना है- भारत में एआई के लिए उत्साह और अवसर का स्तर अविश्वसनीय है. भारत में वैश्विक एआई लीडर बनने के लिए सभी आवश्यक तत्व ‘उत्कृष्ट तकनीकी प्रतिभा, विश्व-स्तरीय डेवलपर पारिस्थितिकी तंत्र और इंडियाएआई मिशन के माध्यम से मजबूत सरकारी समर्थन’ मौजूद हैं. ऑल्टमैन सितंबर में भारत यात्रा पर भी आने वाले हैं. उनकी इस यात्रा में भारत के लिए कई खास ऐलान हो सकते हैं.