गणेश पंडालों में स्वच्छता और विसर्जन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए – महापौर
- स्वच्छ गणेशोत्सव अभियान 2025 के अंतर्गत महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने दिए निर्देश, निगम मुख्यालय में ज़ोन स्वास्थ्य अधिकारियों और स्वच्छता दीदियों की हुई बैठक
- * स्वच्छ गणेशोत्सव अभियान’ में जनभागीदारी सुनिश्चित करें स्वच्छता दीदियां – अपर आयुक्त
- * प्रत्येक गणेश पंडाल तक पहुंचे स्वच्छता दीदियां – स्वास्थ्य अधिकारी
(रायपुर, 29 अगस्त 2025) । महापौर श्रीमती मीनल छगन चौबे ने ‘स्वच्छ गणेशोत्सव अभियान 2025’ हेतु शासन से प्राप्त निर्देश के अनुरूप गणेश पंडालों के आसपास स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पंडालों पर नियमित झाडू लगाई जाए। उन्हें सूखा और गीला कचरा अलग-अलग करने के लिए प्रोत्साहित करें। कचरा गाड़ियां पंडालों से नियमित रूप से कचरा एकत्रित करें। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गरिमापूर्ण गणेश विसर्जन के लिए निगम की ओर से व्यवस्था में कोई कमी ना रहे। विसर्जन के लिए साफ-सुथरी एवं सुसज्जित गाड़ियां हों। विसर्जन कुंड और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में नगर निगम मुख्यालय में शुक्रवार सुबह सभी ज़ोन स्वास्थ्य अधिकारियों एवं स्वच्छता दीदियों की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में ‘स्वच्छ गणेशोत्सव अभियान 2025’ के सफल क्रियान्वयन हेतु विस्तृत चर्चा की गई। निगम के अपर आयुक्त श्री विनोद पांडेय ने सभी ज़ोन स्वास्थ्य अधिकारियों एवं स्वच्छता दीदियों को शासन से प्राप्त स्वच्छता संबंधित आवश्यक निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि रायपुर में गणेशोत्सव अत्यंत उत्साहपूर्वक मनाया जाता है, अतः प्रत्येक पंडाल में स्वच्छता सुनिश्चित करने हेतु समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।


*‘समिति के पदाधिकारियों को करें जागरूक’*
स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रीति सिंह ने कहा कि स्वच्छता दीदियां प्रत्येक गणेश पंडाल तक पहुंचें और समिति के पदाधिकारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें। उन्होंने निर्देशित किया कि पंडालों में सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न हो, गीले एवं सूखे कचरे के लिए पृथक डस्टबिन रखे जाएं, तथा अनुपयोगी फूलों का पृथक संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक पंडाल तक कचरा एकत्रण करने वाली गाड़ियों की नियमित रूप से पहुंचनी चाहिए।

भंडारे में प्लास्टिक अथवा थर्माकोल के डिस्पोज़ल का उपयोग न किया जाए तथा कचरा संग्रहण हेतु बड़े डस्टबिन या ड्रम की व्यवस्था की जाए। मूर्ति का विसर्जन केवल निर्धारित कुंड में ही किया जाए। बैठक में अभियान से संबंधित दिशा-निर्देश को पीपीटी के माध्यम से विस्तारपूर्वक समझाया गया। इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन के नोडल एवं कार्यपालन अभियंता श्री रघुमणि प्रधान, सहायक नोडल अधिकारी एवं सहायक अभियंता श्री योगेश कडु, उप अभियंता श्रीमती कृष्णा राठी तथा विशेषज्ञ श्री प्रमीत चोपड़ा भी उपस्थित रहे।