March 9, 2026

आज से 2 अक्टूबर तक शहर में स्वच्छता पखवाड़ा… श्रमिकों को सीएम आज देंगे सहायता राशि…

images (3)

रायपुर: प्रदेश के उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने प्रदेश के सभी निकायों में 17 सितंबर को स्वच्छोत्सव मनाने का निर्देश दे दिया. इसके लिए उन्होंने निगमों के महापौरों तथा नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अध्यक्षों को पत्र लिखकर स्वच्छता ही सेवा अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया है. इसी प्रकार खिलाड़ियों से भी अपने खेल मैदान, स्टेडियम और इंडोर हाल को साफ-सुथरा रखने अभियान छेड़ने कहा. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक स्वच्छता ही सेवा अभियान को जारी रखने कहा. अभियान हेतु इस वर्ष भारत सरकार द्वारा स्वच्छोत्सव में स्वच्छ एवं हरित उत्सव का थीम निर्धारित किया गया है. यह हमें हमारे त्यौहारों एवं उत्सवों में स्वच्छता एवं पर्यावरण अनुकूल प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट मुक्त शहरों की परिकल्पना प्रदान करती है. उप मुख्यमंत्री ने भारत सरकार एवं राज्य शासन द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान-2025 के लिए जारी विस्तृत दिशा-निर्देशों का उल्लेख करते हुए स्वच्छता लक्षित इकाइयों के रूपांतरण, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, उत्सवों को स्वच्छ और हरित बनाने, सफाई मित्र सुरक्षा शिविरों के आयोजन तथा जन. जागरूकता अभियान संचालित करने पर विशेष जोर दिया है. उन्होंने पखवाड़ा के दौरान स्वच्छता के प्रचार-प्रसार हेतु रैलियां, प्रभात फेरियां, स्वच्छता शपथ, चित्रकला निबंध प्रतियोगिता एवं जन संवाद के माध्यम से नागरिकों को अभियान से जोड़ने कहा.

श्रमिकों को सीएम आज देंगे सहायता राशि

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय विश्वकर्मा जयंती के मौके पर आज राज्य के श्रमिकों को लगभग 65 करोड़ से अधिक की सहायता राशि का भुगतान करेंगे. राजधानी के इंडोर स्टेडियम में 17 सितंबर को दोपहर दो बजे आयोजित श्रम विभाग के कार्यक्रम में प्रदेश के एक लाख 84 हजार 220 श्रमिकों को 65 करोड़ 16 लाख 61 हजार 456 रूपए की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से भुगतान करेंगे. इस दौरान श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन एवं छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे.