March 6, 2026

केशकाल में कृषि ड्रोन का जीवंत प्रदर्शन…5 मिनट में 1 एकड़ धान फसल पर कीटनाशक छिड़काव, किसानों में उत्साह…

IMG-20250920-WA0003

केशकाल, 19 सितंबर: खेती-किसानी में तकनीकी नवाचार के तहत अब पारंपरिक तरीकों की जगह आधुनिक कृषि यंत्रों का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। इसी कड़ी में केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम अड़ेगा और निराछिंदली में कृषि ड्रोन का सफलता पूर्वक प्रदर्शन किया गया, जिसने स्थानीय किसानों को आधुनिक कृषि पद्धति से रूबरू कराया।

 

हिंद कृषि केंद्र केशकाल के संचालक मोहम्मद इमरान विरानी एवं एरीज कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक रवि मिश्रा के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस कार्यक्रम में ड्रोन के माध्यम से धान की फसल पर कीटनाशक का छिड़काव कर इसका जीवंत प्रदर्शन किया गया। महज 5 मिनट में 1 एकड़ खेत में दवा का छिड़काव पूर्ण कर लिया गया, जिससे किसानों में काफी उत्साह देखा गया।

 

इस मौके पर कृषि विभाग के अधिकारी एच.एल. पदमाकर, एम.आर. नेताम, एवं एरीज कंपनी के प्रतिनिधि अविनाश शुक्ला, विवेक यादव, अजय यादव, सहित इमरान विरानी और मोईन विरानी भी उपस्थित रहे।

 

कृषि ड्रोन: एक क्रांतिकारी कदम

 

ड्रोन तकनीक से जहां किसानों को फसलों की निगरानी और सटीक प्रबंधन में मदद मिलती है, वहीं इससे कीटनाशक, फफूंदनाशक और उर्वरकों का सटीक और कम समय में छिड़काव संभव होता है। इस तकनीक से न केवल संसाधनों की बचत होती है, बल्कि उत्पादन लागत में कमी और उत्पादन में वृद्धि भी सुनिश्चित होती है।

कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और किसानों ने इसे खेती के भविष्य के लिए एक गेम-चेंजर तकनीक बताया और ऐसे आयोजनों की सराहना की, जिससे स्थानीय किसान नई तकनीकों से जुड़ सकें