सफलता की कहानी — गाडोंराम नेताम का नया जीवन
(छत्तीसगढ़ राज्य के रजत महोत्सव वर्ष 2024-25 के अवसर पर)*
कोंडागांव वित्तीय वर्ष 2024-25, जो कि छत्तीसगढ़ राज्य के रजत महोत्सव वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है, इस अवसर पर राज्य सरकार द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के विकास एवं पुनर्वास के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। इन्हीं योजनाओं के अंतर्गत नक्सल प्रभावित क्षेत्र के ग्राम केजंग, विकासखंड कोंडागांव, जिला कोंडागांव के निवासी गाडोंराम नेताम, पिता मिस्त्रीर को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की विशेष परियोजना के माध्यम से लाभान्वित किया गया।
*गाडोंराम एक आत्मसमर्पित नक्सल पीड़ित परिवार से हैं*। शासन की पुनर्वास नीति के तहत उन्हें वर्ष 2024-25 में ₹1,20,000 की अनुदान राशि स्वीकृत की गई। इस सहायता से उन्होंने अपना पक्का आवास निर्माण पूर्ण किया। पहले जहां परिवार असुरक्षा और कठिनाइयों के बीच जीवन यापन कर रहा था, वहीं आज उनके घर की नई दीवारें शांति, स्थायित्व और नई उम्मीदों की प्रतीक बन चुकी हैं।
गाडोंराम भावुक होकर कहते हैं —
*पहले हमारे दिन बहुत कठिन थे, लेकिन अब अपना घर बन जाने से जीवन में स्थिरता आई है। शासन की योजना ने हमें नया आत्मविश्वास दिया है। मैं हृदय से सरकार को धन्यवाद देता हूँ*
उनकी यह कहानी केवल एक व्यक्ति की सफलता नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ राज्य की 25 वर्ष की विकास यात्रा का सजीव उदाहरण है। यह प्रमाण है कि रजत महोत्सव वर्ष में शासन की योजनाएँ जन-जन तक पहुँच रही हैं, और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विश्वास, विकास एवं शांति की नई सुबह ला रही हैं।