March 6, 2026

18-19 नवंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश में शीत लहर चलने की आशंका, बढ़ेगी ठंड: IMD

MpBreakingNews04895389-3-860x484

नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम के बदलते हालात को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, उत्तर और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी जा रही है, जिससे कड़ाके की सर्दी का असर बढ़ रहा है और लगातार शीतलहर चल रही है। वहीं, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट

IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक 16 से 18 नवंबर के बीच तमिलनाडु के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना भी है। इसी तरह, 17 से 19 नवंबर के दौरान केरल और माहे में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। 17 से 19 नवंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भी भारी बारिश होने की संभावना है।

उत्तर और मध्य भारत में शीतलहर जारी

उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में आगामी दिनों में शीतलहर का असर बने रहने का अनुमान है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में 16 नवंबर तक शीतलहर जारी रहने की संभावना है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 16 और 17 नवंबर को गंभीर शीतलहर की स्थिति देखने को मिल सकती है। 15 और 16 नवंबर को भी कुछ क्षेत्रों में शीतलहर का असर रह सकता है।

पूर्वोत्तर भारत और उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। पश्चिम भारत में अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है, जबकि उत्तरी मध्य महाराष्ट्र में इसके बाद तापमान में 2–3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।

राजस्थान में ठंड का असर

राजस्थान में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बीती रात फतेहपुर (सीकर) में 7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 7 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1–2 डिग्री कम है। आगामी एक सप्ताह राज्य में मौसम शुष्क रहने और न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट की संभावना है।