कलेक्टर गाइडलाइन के विरोध में मचा बवाल: पुलिस ने प्रदर्शनकारियो पर बरती सख्ती…
दुर्ग। कलेक्टर गाइडलाइन में बढ़ोतरी के विरोध में सोमवार की दोपहर दुर्ग पटेल चौक पर जमीन कारोबार से जुड़े लोगों ने चक्काजाम और पुतला दहन का कार्यक्रम आयोजित किया। उक्त कार्यक्रम जमीन कारोबारी समाजसेवी मनोज राजपूत के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी पहुंचे और गाइडलाइन संशोधन को वापस लेने की मांग करते हुए विरोध दर्ज कराया।
प्रशासन की ओर से एडीएम अभिषेक अग्रवाल और एसडीएम हरबंस मिरी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाइश देने की कोशिश कर ही रहे थे कि अचानक भीड़ में मौजूद कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर पानी से भरी बोतलें फेंकना शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। पुलिस की कार्रवाई शुरू होते ही प्रदर्शनकारी तितर-बितर हो गए और मौके से भाग निकले। चक्काजाम कुछ ही मिनटों में समाप्त हो गया और यातायात बहाल कर दिया गया। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने वालों पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लाठी चार्ज के दौरान पुलिस के 6जवान भी चोटिल हुए है। इसे लेकर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी वैधानिक कार्यवाही के लिए जुट गए है।