‘माफी मांगें राहुल और सोनिया गांधी’ पीएम मोदी के खिलाफ बयान पर आगबबूला बीजेपी…
संसद में शीतकालीन सत्र के 11वें दिन भी आज संग्राम के आसार हैं.
कांग्रेस की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कथित धमकी के मुद्दे पर संसद में सोमवार को भारी हंगामा देखने को मिला. इस मामले पर राज्यसभा में जेपी नड्डा और लोकसभा में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए राहुल और सोनिया गांधी से माफी मांगने को कहा. वहीं कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भाजपा सांसदों के रवैये को लेकर तीखा हमला बोलते हुए इसे ‘पूरी तरह बेबुनियाद ड्रामा’ करार दिया.
उधर सरकार आज लोकसभा में एटॉमिक एनर्जी (संशोधन) विधेयक पेश करने जा रही है. इस बिल के जरिये देश के परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में निजी कंपनियों को काम करने का अवसर मिलेगा. माना जा रहा है कि इससे भारत में परमाणु ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और तकनीकी विकास को नई गति मिलेगी. इसके अलावा कॉर्पोरेट कानूनों और हायर एजुकेशन कमीशन ऑफ इंडिया से जुड़े विधेयकों पर भी चर्चा की संभावना है.
हालांकि, सत्र के अंतिम चरण में भी विपक्ष के तेवर नरम पड़ते नहीं दिख रहे हैं. चुनाव आयोग के SIR अभियान और वंदे मातरम् जैसे मुद्दों पर पहले से ही माहौल गरम है और आज भी दोनों सदनों में हंगामे के आसार बने हुए हैं. विपक्ष सरकार को इन मुद्दों पर घेरने की रणनीति में है, जिससे बहस और टकराव देखने को मिल सकता है.
इस बीच दिल्ली-एनसीआर में गंभीर होते प्रदूषण संकट ने भी संसद में हलचल बढ़ा दी है. राजधानी और आसपास के इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 461 तक पहुंच गया है, जो बेहद गंभीर श्रेणी में आता है और मानव जीवन के लिए बेहद खतरनाक माना जा रहा है. ऐसे में कन्याकुमारी से लोकसभा सांसद विजय वसंत ने इस मुद्दे पर चर्चा के लिए संसद में स्थगन प्रस्ताव पेश करते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य आपातकाल घोषित करने की मांग की है.
विजय वसंत ने इसे संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत जीवन के अधिकार का उल्लंघन बताते हुए सरकार से तुरंत राष्ट्रीय स्वास्थ्य आपातकाल घोषित करने, गैर-जरूरी प्रदूषणकारी गतिविधियों पर रोक लगाने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की. उन्होंने नेता प्रतिपक्ष को इस मुद्दे पर बोलने की अनुमति देने की भी अपील की.
‘बहुत ज्यादा खराब, सदन में चर्चा होनी चाहिए’ दिल्ली के प्रदूषण पर बोलीं प्रियंका गांधी
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने दिल्ली प्रदुषण पर कहा, ‘यह बहुत ज्यादा खराब हो गया है और हमें (सदन में) इसपर चर्चा करनी चाहिए…’ वहीं कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा, ‘वायु प्रदुषण पर 2019 में भी मैंने नोटिस दिया था और बहस शुरू की थी, पिछले 6 साल में प्रदुषण में कोई फर्क नहीं पड़ा है, हालत और खराब हो गई है. लोगों का सांस लेना मुश्किल हो रहा है, संसद को सारे काम छोड़कर प्राथमिकता पर इसपर बहस करनी चाहिए.’
‘राहुल गांधी बौखला गए हैं’ कांग्रेस की रैली पीएम मोदी के खिलाफ नारेबाजी पर शिवसेना सांसद
शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने ‘वोट चोरी’ के खिलाफ कांग्रेस की मेगा रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ नारेबाजी पर कहा, ‘राहुल गांधी बौखला गए हैं. अपनी नाकामयाबी का ठीकरा EVM पर फोड़ रहे हैं, मैंने प्रियंका गांधी का भी भाषण सुना, उन्होंने कहा कि बैलट पर चुनाव होने चाहिए. EVM कौन लेकर आया? राजीव गांधी लेकर आए… जहां बोलना चाहिए वहां संसद में राहुल गांधी बैठते ही नहीं, वे बौखला गए हैं…’
बिहार के मंत्री नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर उन्होंने कहा, ‘एक कार्यकर्ता जो ज़मीन से जुड़ा है, जो संगठन से जुड़ा रहा है, उसे इतनी बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी गई है, यह युवा कार्यकर्ताओं के लिए आदर्श है. हम अपनी पार्टी शिवसेना की ओर से उन्हें बधाई देते हैं.’
‘राहुल और सोनिया गांधी देश से माफी मांगे’ राज्यसभा में जेपी नड्डा की मांग
कांग्रेस की रैली में पीएम मोदी के अपमान का मुद्दा बीजेपी ने संसद के दोनों सदनों में उठाया. जेपी नड्डा ने राज्यसभा में कहा, ‘कांग्रेस की रैली में पीएम मोदी पर गलत टिप्पणियां की गई. पीएम के खिलाफ ऐसी बात करना और मृत्यु की कामना करना बहुत ही निंदनीय है. राहुल और सोनिया गांधी देश से माफी मांगे.’ इस मुद्दे पर हंगामे के चलते राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी.
‘सदन में देश से माफी मांगें’ किरेन रिजिजू किस बात पर मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से नाराज
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने ‘वोट चोरी’ के खिलाफ कांग्रेस की मेगा रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ नारेबाजी पर कहा, ‘…कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष को सदन में देश में माफी मांगनी चाहिए. 2014 में हमारे एक सांसद निरंजन ज्योति ने एक गलत शब्द विपक्ष के नेताओं को लेकर इस्तेमाल किया था, तुरंत प्रधानमंत्री ने उनसे सदन में माफी मांगने को कहा और उन्होंने माफी मांगी… भाजपा, NDA की ओर से कभी किसी का नाम लेकर किसी के माता, पिता के लिए अपशब्द और किसी को मौत के घाट उतारने की बात नहीं की गई…लोकतंत्र में राजनीतिक लड़ाई होती है लेकिन कभी किसी ने न तो किसी को जान से मारने की बात की और न सोची लेकिन यह किस तरह की मानसिकता है कि ये विरोधी को खुलेआम जान से मारने का ऐलान करते हैं… प्रधानमंत्री को सारी दुनिया मानती है उसमें कुछ विपक्ष के लोग अगर प्रधानमंत्री को जान से मारने की बात कहते हैं तो यह दुखद है. सिर्फ खंडन करने से नहीं होगा, सदन में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को माफी मांगनी चाहिए…’
’15 से 19 तक संसद में रहें…’ शीतकालीन सत्र के आखिरी हफ्ते में क्या करने वाली है सरकार, बीजेपी सांसदों को व्हिप जारी
संसद के शीतकालीन के इस आखिरी हफ्ते में सरकार एटॉमिक एनर्जी (संशोधन) बिल से लेकर कॉर्पोरेट कानूनों और उच्च शिक्षा आयोग से जुड़े विधेयक लाने की तैयारी में है. बीजेपी ने अपने सभी सांसदों को व्हिप जारी करते हुए 15 दिसंबर से 19 दिसंबर तक सदन में रहने के निर्देश दिए.