बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं देने पर पुलिस पेट्रोल पंप कर्मी युवक के साथ बाइक सवारी युवकों ने की धक्का मुक्की एवं गाली गलौज…
- टीआई ने कहा कि युवकों को खोजा जा रहा है
- पुलिस पेट्रोल पंप कर्मी आए दिन मिलने वाली धमकियों से दहशत में
भिलाई: पुलिस वेलफेयर पेट्रोल पंप सेक्टर 6 पंप में आज शाम पेट्रोल डलवाने पहुंचे एक बाइक पर सवार दो युवकों ने पुलिस पेट्रोल पंप में कार्यरत प्राइवेट कर्मचारी के साथ पेट्रोल डालने की बात को लेकर छिड़े विवाद एवं बहस ने पहले तूल पकड़ा, फिर देखते ही देखते यह मामला धक्का मुक्की में भी उतर गया.चूंकि यहां यह बताना लाजिमी है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल का स्पष्ट आदेश एवं निर्देश है कि बिना हेलमेट के किसी भी व्यक्ति को पेट्रोल ना दिया जाए.
आज की यह घटना पुलिस पेट्रोल पंप के कर्मी के साथ भी कुछ ऐसा ही वाकया हुआ, कि दो युवक मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 04 एम 7184 में सवार होकर पेट्रोल डालने के लिए पुलिस पेट्रोल पंप पहुंचे थे. उनके पास हेलमेट नहीं था, पुलिस पेट्रोल पंप कर्मी गौतम देवांगन ने बाइक सवार युवकों से अनुरोध किया बिना हेलमेट के मैं आपको पेट्रोल नहीं दे पाऊंगा. इसी बात पर तमतमाए युवक यह कहते हुए पेट्रोल पंप कर्मी गौतम देवांगन से भिड़ गए और कहा कि उसे दे रहे हो मुझे क्यों नहीं दोगे. तुम्हें देना होगा. पंप कर्मी श्री देवांगन ने पुनः कहा कि और उन सभी के पास हेलमेट है और उन्हें ही पेट्रोल हम प्रदान कर रहे हैं. पहले बाइक सवार युवकों ने पुलिस पेट्रोल पंप में गाली गलौज शुरू की और देखते ही देखते पंप कर्मी गौतम देवांगन से धक्का मुक्की एवं हाथापाई पर उतारू हो गए. और चंद मिनट में ही पेट्रोल पंप से रफू चक्कर हो गए. पंप कर्मियों को धमकाते हुए कहा कि तुम सब लोगों को मैं देख लूंगा ऐसा कहकर भाग खड़े हुए. चंद कदमों की दूरी पर पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी की गाड़ी भी खड़ी थी.
जब तक वे पूरा वाक्या समझ पाते तब तक बाइक सवार युवक भाग गए थे. इस संबंध में सेक्टर 6 थाना कोतवाली प्रभारी जितेंद्र वर्मा से जब पुलिस पेट्रोल पंप में हुई घटना की सही जानकारी को पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ऐसी घटना की जानकारी मुझे मिली है. पेट्रोलिंग पार्टी को घटनास्थल पर भेजा है और आरोपी युवकों को पकड़ कर थाने लाने को कहा है. दोनों बाइक सवारों की पतासाजी की जा रही है. बहरहाल इस मामले में किसी प्रकार का लिखित आवेदन या एफ आई आरअभी तक नहीं हुई है.उधर पंप कर्मी ने दबी जुबान से कहा कि चूंकि पुलिस पेट्रोल पंप अब 24 घंटे चालू रहता है, जैसे-जैसे रात गहराती जाती है वैसे वैसे असामाजिक तत्व देर रात पेट्रोल पंप आकर, पेट्रोल डालने की बात को लेकर आए दिन वाद विवाद भी करते रहते हैं. लेकिन आज तो हद ही पार हो गई. बाइक सवार युवक जो कि बिना हेलमेट के पेट्रोल डलवाने पहुंचे थे, वे पुलिस पेट्रोल पंप कर्मी के ऊपर हावी हो गए. ईश्वर का शुक्र है कि सिर्फ धक्का मुक्की एवं गाली गलौज ही हुई. मारपीट जैसा वाकया होते-होते बचा. यह सारा वाकया और किस्सा पुलिस पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया है. इस घटना की जानकारी मिलने पर प्रतिनिधि पुलिस पेट्रोल पंप पहुंचे तो इस घटना की पुष्टि हुई.अब देखना यह है कि स्थानीय लोकल थाने की पुलिस इन दोनों युवकों को कब तक पकड़ पाएगी. पुलिस पेट्रोल पंप कर्मी पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल जी के निर्देशों एवं आदेशों का पालन कर रहे हैं. जबकि पड़ोस के प्राइवेट पेट्रोल पंप भी बिना हेलमेट के भी पेट्रोल डालने का काम कर रहे हैं. जबकि यह फरमान कि बिना हेलमेट के पेट्रोल किसी भी पंप में नहीं दिया जाएगा. ऐसा फरमान कलेक्टर एवं एसपी ने जारी किया है लेकिन प्राइवेट पेट्रोल पंप संचालक कलेक्टर एवं एसपी के आदेशों एवं निर्देशों की धज्जियां उड़ा रहे हैं. और आज बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं देने पर पुलिस पेट्रोल पंप कर्मी धक्का मुक्की का शिकार हो गया.

