March 7, 2026

“सात दिवसीय विशेष शिविर के चतुर्थ दिवस में सामाजिक समानता, स्त्री स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति पर बौद्धिक सत्र”…

IMG-20260112-WA0008

श्री शंकराचार्य महाविद्यालय, जुनवानी, भिलाई के एनएसएस यूनिट द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर ग्राम बोरई, नगपुरा में निरंतर रूप से सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। शिविर के अंतर्गत आज दिनांक 10 जनवरी को शिविर का चौथा दिवस उत्साह, अनुशासन एवं सामाजिक जागरूकता के साथ संपन्न हुआ।

आज के दिन शिविर में एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा प्रातःकाल प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें सामाजिक समानता, नशा मुक्ति एवं स्वस्थ जीवन से संबंधित प्रेरक नारे लगाए गए। इसके पश्चात ग्राम बोरई के सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वयंसेवकों ने पूरे समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ ग्राम परिसर की साफ़-सफ़ाई की। स्वयंसेवकों द्वारा किया गया कार्य अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायक रहा।

शिविर के बौद्धिक सत्र में प्रथम व्याख्यान प्रोफेसर डा सुचित्रा शर्मा प्राध्यापक, भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग द्वारा प्रस्तुत किया गया। उन्होंने ट्रांसजेंडर विविधीकरण एवं लिंग समानता जैसे संवेदनशील एवं समसामयिक विषय पर प्रभावशाली व्याख्यान दिया। उन्होंने ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों, सामाजिक स्वीकार्यता एवं समान अवसरों की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि समानता एवं सम्मान से ही एक सशक्त समाज का निर्माण संभव है। उनका व्याख्यान स्वयंसेवकों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं विचारोत्तेजक रहा।

द्वितीय व्याख्यान में डॉ. मानसी गुलाटी ने स्त्री रोग विशेषज्ञ स्त्री रोगविषय एवं नशा मुक्ति पर विशेष रूप से केंद्रित व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न समस्याओं, उनके कारण, लक्षण एवं रोकथाम के उपायों को सरल एवं स्पष्ट शब्दों में समझाया। साथ ही उन्होंने नशा मुक्ति पर विशेष बल देते हुए नशे के दुष्प्रभावों, शारीरिक एवं मानसिक हानि तथा पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अर्चना झा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने उद्बोधन में एनएसएस स्वयंसेवकों की सक्रियता, अनुशासन एवं सेवा भावना की सराहना की तथा कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में सामाजिक दायित्वबोध, संवेदनशीलता एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण डॉ. जयश्री वाकणकर, मीता चुग , रीमा सिंह, राजलक्ष्मी घोष, उज्ज्वला भोंसले, एवं कांक्षी हिरवानी की भी उपस्थिति रही। सभी शिक्षकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए स्वयंसेवकों के उत्साह एवं कार्यों की प्रशंसा की।

यह संपूर्ण कार्यक्रम एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. शिल्पा कुलकर्णी एवं सहकार्यक्रम अधिकारी ठाकुर रंजीत सिंह के कुशल मार्गदर्शन, नेतृत्व एवं सतत् देखरेख में सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। अंत में एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. शिल्पा कुलकर्णी मैडम ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए स्वयंसेवकों के सहयोग, अनुशासन एवं सक्रिय सहभागिता की सराहना की तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

समग्र रूप से शिविर का चतुर्थ दिवस सामाजिक समानता, स्त्री स्वास्थ्य जागरूकता एवं नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों के साथ अत्यंत सफल, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।