राज्य अल्पसंख्यक आयोग द्वारा दुर्ग जिले के 115 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान…
दुर्ग। छत्तीसगढ़ शासन के राज्य अल्पसंख्यक आयोग द्वारा जिला स्तर पर अल्पसंख्यक समुदाय के कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का शैक्षिक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर वार्षिक परीक्षा में 65 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के 115 विद्यार्थियों को आयोग की ओर से प्रमाण पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा उपस्थित रहे। श्री छाबड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही सशक्त समाज की नींव है। अल्पसंख्यक समुदाय के प्रतिभावान छात्र-छात्राएं कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें—राज्य अल्पसंख्यक आयोग सदैव उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए तत्पर है। उन्होंने एक प्रेरक प्रसंग के माध्यम से विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारण कर निरंतर आगे बढ़ने तथा देशहित में कार्य करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर श्री अरविंदर सिंह खुराना, अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा जिला दुर्ग ने विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने, अपने माता-पिता एवं शिक्षकों के प्रति सम्मान बनाए रखने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में गुरदीप सिंह (दुर्ग ट्रक मालिक संघ), सिंघारा सिंह सोढ़ी (कोषाध्यक्ष, दुर्ग ट्रक मालिक संघ), सिकंदर सिंह, दीपक चोपड़ा, हरदीप सिंह, गुरसिमरन सिंह, तनवीर अकिल (जिला क्रीड़ा अधिकारी, दुर्ग), शफी सर तथा श्रीमती प्रभा वर्मा (प्राचार्य, श्री महावीर जैन स्कूल, दुर्ग) का विशेष सहयोग रहा।
मंच का संचालन अनीस राजा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में श्रीमती शेफाली सोनी (प्रभारी प्राचार्य एवं नोडल अधिकारी, अल्पसंख्यक आयोग शैक्षिक सम्मेलन एवं सम्मान समारोह) तथा श्रीमती गुलनाज बानो (सहायक नोडल अधिकारी) द्वारा मुख्य अतिथियों एवं सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
यह सम्मान समारोह सौहार्दपूर्ण, प्रेरणादायी एवं सकारात्मक वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।



