बड़ी ख़बर: बिहार के 5 सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, बेगूसराय जिला जज को मिला धमकी भरा ई-मेल..
बेगूसराय। बिहार में एक बार फिर से कई सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ई-मेल पत्र के जरिए भागलपुर, गया, सीवान, बेगूसराय, और मुजफ्फरपुर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी की सूचना मिलते ही सभी सिविल कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। बता दें कि धमकी भरा यह ई-मेल बेगूसराय जिला जज को मिला है।
बेगूसराय जिला जज ने धमकी भरे ई-मेल की जानकारी पुलिस को दी और कोर्ट परिसर को खाली कराने का निर्देश दिया। माइक ऐलान के जरिए सभी वकीलों को उनके चैंबर से निकलकर बाहर सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा गया। वहीं, मौके पर पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और टेक्निकल टीम की तैनाती की गई, जो संघन जांच करने के साथ ही हर आने-जाने वालों पर पैनी नजर रख रही है।