March 6, 2026

पी. टी. उषा के पति वी. श्रीनिवासन का निधन, 67 वर्ष की उम्र में हुआ देहांत…

84427-pt-usha-husband-v-srinivasan

नई दिल्ली: भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य पीटी उषा के पति वी श्रीनिवासन का निधन हो गया है. परिवार के सूत्रों के मुताबिक 30 जनवरी की सुबह वी श्रीनिवासन ने अंतिम सांस ली. वी श्रीनिवासन 67 सा के थे. सूत्रों ने बताया कि श्रीनिवासन शुक्रवार सुबह अपने आवास पर बेहोश हो गए थे, जिसके तुरंत बाद उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीटी उषा से फोन पर बात कर शोक व्यक्त किया

केंद्र सरकार के पूर्व कर्मचारी रहे श्रीनिवासन ने उषा के शानदार खेल करियर और राजनीतिक करियर के दौरान हमेशा उनका साथ दिया. उन्हें उषा का मजबूत संबल और उनकी कई पेशेवर उपलब्धियों के पीछे प्रेरक शक्ति माना जाता था. इस दंपति का एक बेटा है जिसका नाम उज्ज्वल है. पीटी उषा की शादी 1991 में श्रीनिवासन से हुई थी. श्रीनिवासन केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में डिप्टी एसपी के पद से सेवानिवृत्त थे.

किरण रिजिजू ने जताया शोक

केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने श्रीनिवासन के निधन पर शोक जताया। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, ‘राज्यसभा सांसद और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा के पति श्री वी. श्रीनिवासन जी के निधन की खबर से बेहद दुखी हूं. उषा जी और शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. इस कठिन समय में उन्हें शक्ति मिले, यही प्रार्थना है.’

पीटी उषा, जिन्हें ‘उड़नपरी’ के नाम से जाना जाता है. वह भारतीय खेल इतिहास की सबसे प्रेरणादायक हस्तियों में से एक हैं. ऐसे में उनके निजी जीवन में आई यह क्षति न केवल उनके लिए, बल्कि उनके चाहने वालों के लिए भी बेहद दुखद है. सोशल मीडिया पर खिलाड़ी, कोच, फैंस और आम लोग लगातार उन्हें हिम्मत और संबल देने के संदेश भेज रहे हैं.