आम आदमी पार्टी की सक्रियता का असर: कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत के बाद हरकत में आया निगम, तालाबों की सफाई शुरू…
भिलाई। आम आदमी पार्टी के वार्ड अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार चौधरी की पहल और जनदर्शन में की गई शिकायत के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। वार्ड नंबर 23, घासीदास नगर के नवीन स्कूल और उसके समीप स्थित तालाब में फैली गंदगी को लेकर दी गई शिकायत के बाद नगर निगम ने सफाई कार्य शुरू कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
वार्ड अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने 9 फरवरी 2026 को कलेक्टर जनदर्शन में लिखित शिकायत दी थी कि घासीदास नगर के नवीन स्कूल परिसर और पास के तालाब में भारी मात्रा में कचरा और गंदगी जमा है। पानी की किल्लत के कारण महिलाएं इसी तालाब का उपयोग करती हैं, जिससे गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा बना हुआ था। स्थानीय पार्षद द्वारा समस्या पर ध्यान न दिए जाने के बाद ‘आप’ ने सीधे प्रशासन का दरवाजा खटखटाया।
पार्षदों और विधायक की उदासीनता पर बरसे नेता
आम आदमी पार्टी के नेता जसप्रीत सिंह ने वैशाली नगर क्षेत्र की बदहाल स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा:
“वैशाली नगर के वार्डों की स्थिति अत्यंत दयनीय है। तालाबों का महत्व हमारी धार्मिक आस्था से जुड़ा है, लेकिन वैशाली नगर के विधायक और पार्षद इनके संरक्षण और सफाई को लेकर गंभीर नहीं हैं। जब तक जनता शिकायत लेकर कलेक्टर के पास नहीं जाती, तब तक स्थानीय जनप्रतिनिधि कुंभकर्णी नींद में सोए रहते हैं।”
आने वाले समय में बदलाव का दावा
पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि विकास कार्यों और स्वच्छता की यही स्थिति रही, तो आने वाले समय में हर वार्ड में आम आदमी पार्टी का पार्षद होगा जो जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करेगा।
शिकायत में शामिल प्रमुख सदस्य
प्रशासन तक अपनी आवाज पहुँचाने वालों में मुख्य रूप से धर्मेंद्र चौधरी, जसप्रीत सिंह, राजकुमार, अविनाश सहित वार्ड के अनेक जागरूक नागरिक उपस्थित रहे।