March 7, 2026

मेले से लौटे युवक की हत्या का खुलासा: फरार आरोपी सहित तीन पकड़े, चाकू व बाइक बरामद…

IMG-20260216-WA0000

जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने एक फरार आरोपी और दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू एवं मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार मृतक राहुल चौहान, निवासी दर्रा थाना भटगांव जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़, शिवरीनारायण मेला देखने के बाद अपनी मौसी के घर ग्राम धरदेई गया था। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उस पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी और शव को पुरेना तालाब में फेंक दिया। 11 फरवरी 2026 को सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विजय कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप तथा एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में थाना शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी राजवीर अनंत (19 वर्ष), निवासी राहौद, एवं दो विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर राहुल चौहान की चाकू से हत्या करना तथा साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को तालाब में फेंकना स्वीकार किया। प्रकरण में अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत धारा 103(1) एवं 61(2) बीएनएस के अंतर्गत विधिवत कार्रवाई की गई है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव सहित थाना शिवरीनारायण स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।