June 5, 2026

विकसित भारत ‘जी राम जी’ योजना से जागा नया आत्मविश्वास, किसान और युवा होंगे सशक्त — पंकज अग्रवाल

IMG-20260227-WA0001

जांजगीर -चाम्पा। ग्राम पचेड़ा की शांत धरा पर उस समय एक विशेष ऊर्जा का संचार हुआ जब भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ श्रमिकों के बीच पहुंचकर “विकसित भारत ‘जी राम जी’ योजना” के उद्देश्यों और महत्व पर प्रकाश डाला। श्रमिकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह योजना केवल एक सरकारी पहल नहीं, बल्कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास की उजली किरण पहुंचाने का संकल्प है।

अपने ओजस्वी वक्तव्य में अग्रवाल ने कहा कि इस योजना का मूल उद्देश्य आर्थिक सहयोग से आगे बढ़कर आत्मसम्मान, आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास को सुदृढ़ करना है। “जब श्रमिक के हाथों को नियमित कार्य मिलेगा, तब उसके मन में आशा और भविष्य के प्रति विश्वास स्वतः जागृत होगा,” उन्होंने भावपूर्ण शब्दों में कहा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को गति देने से न केवल गांवों की तस्वीर बदलेगी, बल्कि पलायन की समस्या में भी कमी आएगी। गांव और शहर दोनों ही स्थानों पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जिससे युवा शक्ति को अपने ही क्षेत्र में उन्नति का मार्ग मिलेगा।

पंकज अग्रवाल ने यह भी रेखांकित किया कि सरकार का प्रयास है कि श्रमिकों को उनकी मेहनत का उचित पारिश्रमिक समय पर मिले और भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचे। इससे पारदर्शिता सुनिश्चित होगी और बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था श्रमिकों के अधिकार और सम्मान की रक्षा का सशक्त माध्यम है।

इस अवसर पर भाजपा आईटी सेल जिला संयोजक अनिल शर्मा सहित गजेंद्र सिंह, गजानंद ध्रुव, अमित मित्तल, खुशाल कश्यप, बजरंग कश्यप, किशोर करियारे और प्रियांश कुमार उपस्थित रहे। सभी ने श्रमिकों से संवाद कर योजना की जानकारी साझा की और उन्हें आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।