March 7, 2026

जांजगीर-चांपा में ठगी पर सख्त पहरा, जागरूकता से अपराध पर प्रहार…

IMG-20260227-WA0002

जांजगीर-चांपा। जिले में किसानों और ग्रामीण नागरिकों के साथ बैंक से धनराशि निकालकर घर लौटते समय हो रही ठगी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने जागरूकता की नई पहल की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने आज 27 फरवरी 2026 को ठगी से बचाव संबंधी जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में कुछ शातिर तत्व बैंक से रकम निकालकर घर लौट रहे किसानों और ग्रामीणों को निशाना बना रहे हैं। कभी मदद के नाम पर, तो कभी झांसे और चालाकी से बैग बदलकर या ध्यान भटकाकर ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। ऐसी परिस्थिति में सजगता ही सुरक्षा का प्रथम मंत्र है।

कार्यक्रम के दौरान किसानों एवं ग्रामीण नागरिकों को ठगी से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। बैंक परिसर और उसके आसपास सक्रिय संदिग्ध व्यक्तियों से सतर्क रहने की अपील की गई। साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों पर विशेष प्रकाश डालते हुए आमजन को डिजिटल सतर्कता के प्रति जागरूक किया गया। आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना देने हेतु भी प्रेरित किया गया।

पुलिस प्रशासन ने बैंक से धनराशि निकालते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। अधिक धनराशि निकालते समय अकेले न जाएं, किसी विश्वसनीय व्यक्ति को साथ रखें। बैंक के भीतर और बाहर अपने आसपास की गतिविधियों पर नजर रखें। किसी अज्ञात व्यक्ति से सहायता लेने से बचें तथा पैसे गिनने या बैग बदलने जैसी संदिग्ध गतिविधियों से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 या पुलिस कंट्रोल रूम मोबाइल नंबर 94791-93199 पर सूचना दें।

साइबर ठगी से बचाव हेतु भी आवश्यक सुझाव दिए गए। किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या संदेश पर विश्वास न करें। ओटीपी, एटीएम पिन या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। बैंक अधिकारी बनकर जानकारी मांगने वाले कॉल से विशेष सतर्क रहें। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।

अंत में पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि वे जागरूक रहें, अफवाहों से दूर रहें और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।