भिलाई महिला महाविद्यालय के शिक्षा विभाग में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन।
भिलाई महिला महाविद्यालय के शिक्षा विभाग में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भिलाई महिला महाविद्यालय, हॉस्पिटल सेक्टर, भिलाई के शिक्षा विभाग द्वारा बी.एड. के विद्यार्थियों द्वारा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “मेरे जीवन की आदर्श महिला” रखा गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती प्रतिभा छाया क्लॉडियस ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का प्रतीक है। उन्होंने छात्राओं को जीवन में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़कर समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मोहना सुशांत पंडित द्वारा कहा गया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं की उपलब्धियों, संघर्षों और समाज में उनके महत्वपूर्ण योगदान को सम्मानित करने का अवसर है। इस अवसर पर छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने जीवन में प्रेरणा देने वाली महिलाओं—जैसे माँ, शिक्षिका तथा समाज की विभिन्न महान महिलाओं—के बारे में अपने विचार व्यक्त किए। प्रतिभागियों ने महिलाओं के त्याग, संघर्ष और समाज में उनके महत्वपूर्ण योगदान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में गुंजिता साहू ने प्रथम स्थान, अस्मिता पटेल ने द्वितीय स्थान तथा पूर्णिमा दास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रियंका सिंह को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त तारनी साहू एवं तृप्ति साहू सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति दी। इस कार्यक्रम की प्रभारी श्रीमती नाज़नीन बेग रहीं।इस अवसर पर सहायक प्राध्यापक डॉ. हेमलता सिदार, डॉ. भावना चौहान,श्रीमती काकोली सिंघा तथा श्री सत्यम मिश्रा उपस्थित रहे !कार्यक्रम के अंत में विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए सभी छात्राओं को महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को समझने के लिए प्रेरित किया गया।

