March 12, 2026

भिलाई इस्पात संयंत्र में 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस का आयोजन…

IMG-20260312-WA0034

सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के सुरक्षा इंजीनियरिंग विभाग द्वारा 55वां राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस समारोह 11 मार्च, 2026 को महात्मा गांधी कला मंदिर में “ सुरक्षा बढ़ाने के लिए लोगों को जोड़े, शिक्षित करें और सशक्त बनाएं” विषय पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री अजय कुमार चक्रवर्ती रहें व विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएँ) श्री पी. के. सरकार, तथा मुख्य महाप्रबंधक प्रभारी (सेवाएं) श्री तुषार कांत उपस्थित थे।

इस अवसर पर विभिन्न विभाग के मुख्य महाप्रबंधक प्रभारीगण, मुख्य महाप्रबंधकगण, बीएसपी-ऑफिसर्स एसोसिएशन के सदस्य, यूनियन प्रतिनिधि,वरिष्ठ अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में कार्मिकगण भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। जिसके उपरांत सहायक महाप्रबंधक (एस.ई.डी.) श्री शोवन घोष ने सभी को सुरक्षा शपथ दिलाई। उद्घाटन सत्र के उपरांत श्री लोमस कुमार साहू द्वारा बांसुरी वादन की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। इसके साथ ही संयंत्र में सुरक्षित कार्य पद्धतियों के महत्व को रेखांकित करने हेतु एक सुरक्षा जागरूकता वीडियो भी प्रदर्शित किया गया।

कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा और अग्निशमन सेवाएं) श्री डी सतपथी ने दिया, जिसमें उन्होंने पिछले वर्ष में सुरक्षा गतिविधियों और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर विभिन्न सुरक्षा-उन्मुख सांस्कृतिक गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें यूनिवर्सल रेल मिल की टीम द्वारा ‘सेफ्टी मैन’ शीर्षक से एक सुरक्षा स्किट, श्री ओमवीर करन द्वारा सुरक्षा कविता और टी एंड डी के श्री मुकेश कुमार भारद्वाज द्वारा सुरक्षा गीत प्रस्तुत किए गए।

 

मुख्य अतिथि श्री अजय कुमार चक्रवर्ती ने अपने उद्बोधन में कहा कि सुरक्षा हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी हैं और इसे हमें आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि आप कभी भी अनसेफ कंडीशन में काम ना करें और ना ही किसी को करने दें। उन्होंने रोको, टोको पर जोर देते हुए कहा कि आप सभी के पास पॉवर है कि असुरक्षित हालत में काम को रुकवा सकते है, हमारा प्रथम उद्देश्य सुरक्षा होना चाहिए।

 

वहीँ विशिष्ट अतिथियों ने अपने संबोधन में कार्यस्थल पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे कार्य के दौरान सतर्क रहें, संभावित जोखिमों की पहचान करें तथा सुरक्षित कार्य पद्धतियों का सदैव पालन करें। उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा केवल नियमों के अनुपालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक कर्मचारी की सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसके माध्यम से संयंत्र में सुरक्षित एवं स्वस्थ कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

 

इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कारों की घोषणा की गई, जिसमें सुरक्षा कैलेंडर, सुरक्षा नाटक, सुरक्षा कविता, सुरक्षा गीत, सुरक्षा क्विज और नियर-मिस रिपोर्टिंग पुरस्कार, सर्वश्रेष्ठ सेफ्टी वारियर पुरस्कार आदि सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं और श्रेणियों में शामिल थे। सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने के लिए क्षेत्रवार सर्वश्रेष्ठ हाउसकीपिंग पुरस्कार आदि सहित विभिन्न श्रेणियों के लिए पुरस्कार और सम्मान गणमान्य व्यक्तियों और अन्य विशेष अतिथियों द्वारा वितरित किये गए। सर्वश्रेष्ठ डीआईसी पुरस्कार एसएमएस-3 एवं सर्वश्रेष्ठ नियर-मिस रिपोर्टिंग पुरस्कार बीआरएम की टीमों को मिले, जबकि जोन-वार सर्वश्रेष्ठ हाउसकीपिंग पुरस्कार श्रेणी में आयरन एंड स्टील जोन से सीओएंडसीसीडी, मिल्स जोन से प्लेट मील, बल्क मटेरियल्स हैंडलिंग जोन से एसपी- 3 और यूटिलिटीज जोन से अग्निशमन सेवा विभाग, शॉप एंड सर्विसेज जोन (ए) और (बी) से इलेक्ट्रिकल रिपेयर शॉप और सीआरएम(ई) ने क्रमशः विजेता पुरस्कार प्राप्त किये। इस अवसर पर संबंधित प्रतियोगिताओं के निर्णायकों को भी सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम का समन्वयन मुख्य महाप्रबंधक (सेफ्टी एवं फायर सर्विसेज) श्री देबदत्त सतपथी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री उप प्रबंधक (संपर्क प्रशासन- राजभाषा)जे.डी. मानिकपुरी ने किया और महाप्रबंधक प्रभारी (एस.ई.डी.) श्री एस.के. अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। 55वें राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस समारोह का समापन राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ।

———-

You may have missed