भीषण गर्मी में सूखते तालाबों पर चिंता, नहर से पानी भरने की मांग…
जांजगीर-चांपा। प्रदेश में गर्मी की दस्तक के साथ ही जल संकट की आहट भी सुनाई देने लगी है। जांजगीर-नैला नगरपालिका क्षेत्र के तालाब तेजी से सूखने लगे हैं, जिससे शहर में जल संकट की आशंका गहराने लगी है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए वार्ड क्रमांक 24 के पार्षद अजीत गढ़वाल ने जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर सूखते तालाबों को नहर के पानी से भरवाने की मांग की है।
पार्षद द्वारा सौंपे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि गर्मी की शुरुआत होते ही क्षेत्र के प्रमुख तालाब सूखने की कगार पर पहुंच गए हैं। तालाबों में पानी की कमी से भू-जल स्तर लगातार नीचे गिर रहा है, जो आने वाले दिनों में शहर के लिए बड़ी चिंता का विषय बन सकता है। इसके साथ ही पशु-पक्षियों और मवेशियों के लिए भी पेयजल का संकट गहराता जा रहा है।
नगरपालिका क्षेत्र के अनेक नागरिक दैनिक निस्तारी, जैसे नहाने-धोने एवं अन्य घरेलू कार्यों के लिए तालाबों पर ही निर्भर रहते हैं। तालाबों के सूखने से आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
जनहित को ध्यान में रखते हुए पार्षद अजीत गढ़वाल ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि सूख रहे तालाबों को नहर के पानी के माध्यम से जल्द से जल्द भरवाने की व्यवस्था की जाए। साथ ही शहर में जलापूर्ति के लिए अन्य वैकल्पिक माध्यमों को भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि आने वाले दिनों में संभावित जल संकट से राहत मिल सके।
इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि मुख्य नगरपालिका अधिकारी, जांजगीर-नैला को भी आवश्यक कार्यवाही हेतु प्रेषित की गई है। अब यह देखना होगा कि बढ़ती गर्मी और गहराते जल संकट को देखते हुए प्रशासन इस दिशा में कितनी तत्परता से कदम उठाता है।