मार्च में ‘मानसून’ जैसा मंजर, अगले 3 दिन पूरे देश पर भारी; यूपी, बिहार, झारखंड, 17 राज्यों में अलर्ट…
उत्तर भारत से लेकर दक्षिण तक इस समय कुदरत का एक दुर्लभ और हैरान करने वाला नजारा देखने को मिल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अफगानिस्तान से लेकर भारत तक करीब 1,000 किलोमीटर लंबा एक सीधा ‘रेन बैंड’ बन गया है, जो सामान्य चक्रवातों से बिल्कुल अलग एक सीधी ट्रफ (कम दबाव की रेखा) के रूप में फैला है। इस ‘असामान्य’ पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के आपस में टकराने के कारण देश के 17 राज्यों में मौसम ने अचानक यू-टर्न ले लिया है। इसका सबसे चौंकाने वाला असर तापमान पर पड़ा है; शुक्रवार को उत्तर भारत के कई हिस्सों में दोपहर का पारा गिरकर महज 13 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच सिमट गया, जो सामान्य मार्च के मुकाबले करीब 15 डिग्री तक कम है। यह स्थिति मार्च के महीने में ‘फरवरी जैसी ठंड’ का अहसास करा रही है, जिसने विशेषज्ञों को भी हैरत में डाल दिया है। आज भी यूपी और बिहार समेत 6 राज्यों में मौसम विभाग (IMD) ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी के साथ बारिश का अनुमान है। आज, 21 मार्च को आपके शहर में मौसम के कैसे हालात रहने वाले हैं, जानने के लिए टाइम्स नाउ नवभारत के साथ जुड़े रहिए और लाइव IMD के ताजा अपडेट्स पर नजर बनाए रखिए।
अगले 24 से 72 घंटों के लिए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बेहद गंभीर चेतावनी जारी की है। 21 मार्च को दिल्ली, यूपी, हरियाणा, बिहार और राजस्थान समेत मध्य प्रदेश में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि (Hailstorm) का अलर्ट है। वहीं, पहाड़ों पर सक्रिय मजबूत सिस्टम के कारण हिमाचल, उत्तराखंड और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी के साथ बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है। राहत की बात केवल इतनी है कि अगले 4 दिन तक भीषण गर्मी और हीटवेव का नामोनिशान नहीं रहेगा, लेकिन आंधी-पानी का यह दौर 22 मार्च को आने वाले एक नए (हालांकि कमजोर) विक्षोभ के साथ आगे भी जारी रह सकता है। पूर्वोत्तर में असम और सिक्किम से लेकर दक्षिण में केरल तक फैला यह मौसमी तंत्र फिलहाल पूरे देश को बादलों की गिरफ्त में रखेगा।
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से मौसम अचानक बदल गया है। तेज़ हवाओं और बौछारों ने गर्मी की शुरुआत को थाम दिया है और हल्की ठंडक का एहसास फिर से लौट आया है। बादलों की मौजूदगी और आंधी के साथ हुई बारिश ने न्यूनतम और अधिकतम तापमान को कई डिग्री नीचे गिरा दिया है। मौसम विभाग ने गरज-चमक, बिजली गिरने और ओले पड़ने की संभावना जताई है।
सोमवार को भी बारिश होने की संभावना है। अगले एक सप्ताह तक दिन का तापमान सामान्य से कम या उसके आसपास बना रह सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को जैसलमेर, बाड़मेर और आसपास के जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि राज्य के अन्य अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। वहीं, 22 मार्च को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
बिहार के कई इलाकों में सुबह से बारिश जारी
पटना समेत बिहार के कई जिलों में शुक्रवार से मौसम में बदलाव देखने को मिला है। बांका में तेज बारिश हो रही है, वहीं रक्सौल में भारी वर्षा के कारण कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है। खगड़िया में भी सुबह से रुक-रुककर बारिश जारी है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर, रक्सौल और पटना सहित छह जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। शनिवार सुबह बगहा और बेतिया में भी तेज बारिश हुई, जिससे पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है।
राजस्थान में कल यहां है अलर्ट
मौसम विभाग ने कल यानी रविवार के लिए जैसलमेर और बाड़मेर के लिए बारिश, बिजली और आंधी की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
बिहार में यहां भी आएगी बारिश, ठनका गिरने का अलर्ट
पटना, नालंदा, गया, जहानाबाद, अरवल, नवादा, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर, बक्सर, सीवान, गोपालगंज, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज, भागलपुर, बांका, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा और जमुई में अगले कुछ घंटों के लिए बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों के कुछ स्थानों पर ठनका गिर सकता है।
बिहार के इन जिलों में जारी हुआ ऑरेंज अलर्ट
पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सारण, भोजपुर, वैशाली, समस्तीपुर, बेगुसराय, खगड़िया और दरभंगा में मौसम विभाग ने बारिश और ठनका गिरने की आशंका को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
महाराष्ट्र में यहां जारी हुआ अलर्ट
महाराष्ट्र के सोलापुर, धाराशिव, लातूर, यवतमाल, वाशिम, बुलढाणा, अमरावती, वर्धा, नागपुर, भंडारा, गोंदिया, गढ़चिरौली और चंद्रपुर में बारिश-बिजली और आंधी-तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अगले तीन घंटे के भीतर इन जिलों में आएगा आंधी-पानी
मौसम विभाग ने यूपी के बाराबंकी, गोंडा, बस्ती, संत कबीरनगर, अयोध्या, अमेठी, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर और कुशीनगर में अगले 3 घंटे के भीतर भारी बारिश, बिजली गिरने और आंधी की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
कल राजस्थान के इन इलाकों में होगी बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को जैसलमेर, बाड़मेर और आसपास के जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि अन्य अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। वहीं, 22 मार्च को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
राजस्थान में हुई बारिश
पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार पिछले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान में सबसे अधिक वर्षा झुंझुनू के मंडावा में 18 मिलीमीटर रही। बदले मौसम के कारण राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2 से 8 डिग्री कम है। शनिवार सुबह तक के चौबीस घंटे में जैसलमेर का तापमान सर्वाधिक 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा
पूरे झारखंड में ऑरेंज अलर्ट
झारखंड में अब पूरे राज्य के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। अगले 24 घंटों में मौसम अचानक करवट लेगा और आसमान से बिजली गिरने के साथ-साथ तेज बारिश की संभावना है। लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
दरभंगा-मधुबनी में बारिश
दरभंगा में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। बीते दिन से ही आसमान पर काले बादल छाए हुए हैं और बारिश के चलते मौसम ठंडा हो गया है। वहीं, मधुबनी जिले में भी आंधी-तूफान और बारिश का असर देखा जा रहा है, जिससे गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है।
इन जिलों में बारिश-बिजली को लेकर अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले 1 घंटे के लिए बरेली, बाराबंकी, गोंडा, देवरिया और कुशीनगर में बारिश और बिजली गिरने को लेकर तात्कालिक चेतावनी जारी की है। इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है और मौसमी हालात पर नजर बनाए रखने के लिए कहा गया है।
राजस्थान में आज यहां होगी बारिश
आज जैसलमेर, बाड़मेर और आसपास के जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि राज्य के अन्य अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। 22 मार्च को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। शेष भागों में अगले 4-5 दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।