दुर्ग जिला में बेहतर विद्युत आपूर्ति के लिए 132 केवी का नया सब-स्टेशन ऊर्जीकृत…
- प्रबंध निदेशक श्री राजेश कुमार शुक्ला ने बटन दबाकर किया ऊर्जीकृत
- – मिलेगी निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली
दुर्ग, 28 मार्च 2026 – छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी निरंतर और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति के लिए दुर्ग जिला में पारेषण क्षमता का विस्तार कर रही है। इसी कड़ी में धमधा ब्लॉक के लिटाया – सेमरिया गांव में 220/132/33 केवी के नए उपकेन्द्र का निर्माण किया गया है, जिसकी क्षमता 160 एमवीए है। इसे ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री राजेश कुमार शुक्ला ने बटन दबाकर ऊर्जीकृत किया। इस क्षमता विस्तार से दुर्ग व धमधा ब्लॉक क्षेत्र के 150 से अधिक गांव के विद्युत उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति हो सकेगी।
इस अवसर पर श्री शुक्ला ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के अध्यक्ष श्री सुबोध कुमार सिंह के निर्देशन में प्रदेश में पारेषण नेटवर्क को मजबूत बनाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। इसमें राजधानी में पंजीगत निवेश के तहत कार्य कराए जा रहे हैं। इसी के तहत लिटाया सेमरिया में 132/33 के.वी. के नए उपकेंद्र की स्थापना की गई है, जिसमें 40-40 एमवीए के दो पॉवर ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इसकी अनुमानित लागत लगभग 100 करोड़ रुपए है। इस उपकेंद्र से 33 केवी के 6 फीडर से बिजली सप्लाई होगी।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक संजय पटेल, एस.सलेट, ए.एम. परियल, मुख्य अभियंता सर्वश्री अब्राहम वर्गीश,पी .पी. सिंग,अधीक्षण अभियंता राजेश तिवारी, राजेंद्र कुमार मिश्रा, एस. के. भुआर्य, कार्यपालन अभियंता श्री धर्मेंद्र भारती, श्री छगन शर्मा, डी.के.साहू, श्रीमती बरखा दुबे, एस.सिन्नी, सिद्धार्थ भावसार सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। इस उपलब्धि से दुर्ग जिले के उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता की विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी, साथ ही औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।

