पेट्रोल-डीजल पर वैट कम कर प्रदेश की जनता को तत्काल राहत प्रदान करे साय सरकार…
भिलाई। केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में पेट्रोल एवं डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती किए जाने के बाद देशभर में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं द्वारा इसे आम जनता को बड़ी राहत बताते हुए व्यापक प्रचार किया गया। केंद्रीय मंत्रियों से लेकर सांसदों एवं विधायकों तक ने यह दावा किया कि पेट्रोल की कीमतों में उल्लेखनीय कमी आएगी और जनता को सीधा लाभ मिलेगा।
छत्तीसगढ़ में भी भाजपा सरकार एवं उसके जनप्रतिनिधियों द्वारा बिना वास्तविक स्थिति का आकलन किए बढ़-चढ़कर इस निर्णय का स्वागत किया गया और इसे आम जनता के हित में ऐतिहासिक कदम बताया गया। किंतु 24 घंटे के भीतर ही वास्तविकता सामने आने लगी, जब आम जनता को अपेक्षित राहत नहीं मिली और यह स्पष्ट हो गया कि इस कटौती का सीधा लाभ उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंच रहा है।
यह अत्यंत चिंताजनक विषय है कि इतने महत्वपूर्ण मुद्दे पर सरकार के जिम्मेदार पदों पर बैठे जनप्रतिनिधि बिना समुचित जानकारी एवं समन्वय के बयानबाजी करते रहे। इससे न केवल सरकार की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगता है, बल्कि आम जनता के बीच भ्रम की स्थिति भी उत्पन्न होती है।
आज जब सच्चाई सामने आ चुकी है और जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है, तब छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार के पास अपनी विश्वसनीयता बनाए रखने का एकमात्र रास्ता यह है कि वह तत्काल प्रभाव से पेट्रोल पर लगाए जा रहे 24% वैट एवं प्रति लीटर अतिरिक्त ₹1 के अधिभार में कटौती करे।
यदि राज्य सरकार वास्तव में जनता को राहत देना चाहती है, तो उसे केंद्र के फैसलों का केवल गुणगान करने के बजाय राज्य स्तर पर ठोस कदम उठाने होंगे। वैट में कमी कर ही प्रदेश की जनता को वास्तविक राहत दी जा सकती है।
छत्तीसगढ़ सरकार से मांग की जाती है कि पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले वैट को शीघ्र कम कर आम नागरिकों, किसानों एवं मध्यम वर्ग को राहत प्रदान करे।
धन्यवाद
जावेद खान
प्रवक्ता जिला कांग्रेस कमेटी भिलाई