June 6, 2026

सब देखते रह गए, वैभव सूर्यवंशी ने छक्के लगाने का सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनाया…

images (2)

Vaibhav Suryavanshi New Record: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में भारत के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अपनी बल्लेबाजी की लय को जारी रखने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के इस युवा बल्लेबाज ने आईपीएल 2026 (IPL 2026) शुरू होने से ठीक एक दिन पहले अपना 15वां जन्मदिन मनाया और उसके बाद टूर्नामेंट शुरू होते ही अपने बल्ले का जौहर दिखाना शुरू कर दिया। अब तक दो मैचों में उनका बल्ला खुलकर चला है और इसी के साथ उन्होंने अब छक्कों का एक और खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

IPL 2026 में सूर्यवंशी का वैभव कायम, एक और रिकॉर्ड बनाया

आईपीएल के 19वें सीजन में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल रहे उनके 15 साल के ओपनर वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर किसी को हैरान करने का मौका नहीं छोड़ रहे हैं। अब तक राजस्थान के दो मैच ही हुए हैं और उन्होंने कमाल की बल्लेबाजी कर दिखाई है। यहां जानेंगे कि वैभव ने अब कौन सा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का पहला मैच

पिछली बार आईपीएल में 14 वर्षीय खिलाड़ी के रूप में धमाल मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी अब 15 साल के हो गए हैं। टूर्नामेंट शुरू होने से एक दिन पहले अपना 15वां बर्थडे मनाया और फिर पहले ही मैच में वैभव ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए 15 गेंदों में हाफ सेंचुरी बना दी। वो सबसे तेज आईपीएल अर्धशतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बने। इस मैच में उन्होंने 17 गेंदों में 305.88 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 5 छक्के और 4 चौके लगाकर 52 रनों की शानदार पारी खेली। राजस्थान ने ये मैच 8 विकेट से जीता।

टूर्नामेंट में कैसा रहा वैभव का दूसरा मैच

आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स ने अपना दूसरा मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मेजबान गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेला। इस मुकाबले में राजस्थान की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी थी। वैभव इस बार अर्धशतक तो नहीं लगा पाए लेकिन तेज पारी खेलते हुए उन्होंने टीम को अच्छी शुरुआत जरूर दे दी। गुजरात के खिलाफ वैभव ने 18 गेंदों में 31 रन बनाए जिस दौरान उनके बल्ले से 1 छक्के और 5 चौके निकले। राजस्थान ने ये मैच भी 6 रन से जीता।

अब तक आईपीएल 2026 में वैभव ने लगाई कितनी बाउंड्री

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अब तक खेले अपने दो मैचों (चेन्नई और गुजरात के खिलाफ) में 15 बाउंड्री लगाई हैं। इसमें उनके नाम 9 चौके और 6 छक्के दर्ज हो चुके हैं। इसी के साथ वैभव ने छक्के लगाने के मामले में एक नया रिकॉर्ड भी बना दिया है।

वैभव सूर्यवंशी ने बनाया छक्के लगाने का दिलचस्प रिकॉर्ड

अब वैभव सूर्यवंशी आईपीएल इतिहास में सबसे कम पारियों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। दुनिया के सभी बल्लेबाजों को पीछे छोड़ते हुए वैभव ने सिर्फ 9 पारियों में 30 छक्के लगा दिए हैं। इसमें पिछले सीजन की 6 पारियां भी शामिल हैं।

दो ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों का रिकॉर्ड तोड़ा

वैभव ने सबसे कम पारियों में 30 छक्के लगाने का टी20 रिकॉर्ड बनाने की इस कड़ी में दो ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को पीछे छोड़ा है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के जैक फ्रेजर-मैकगर्क (11 पारियों में 30 छक्के) और ग्लेन मैक्सवेल (12 पारियों में 30 छक्के) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

वैभव सूर्यवंशी का अगला IPL मैच कब है

आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी को उनके फैंस फिर से पिच पर देखने को बेताब होंगे। राजस्थान रॉयल्स का सीजन में तीसरा मुकाबला 7 अप्रैल, मंगलवार को खेला जाना है। ये मैच पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ होना है। मुकाबला गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा जहां तेज रन बनते आए हैं और वैभव इस पिच पर भी बड़ी पारी खेलते नजर आ सकते हैं।

टी20 क्रिकेट में अब तक कितने छक्के लगा चुके हैं वैभव

अगर टी20 क्रिकेट की बात करें तो वैभव सूर्यवंशी आईपीएल के अलावा अलग-अलग टूर्नामेंट, अंडर-19 व घरेलू क्रिकेट में खेलते हुए अब तक 20 टी20 पारियों में 68 छक्के लगा चुके हैं। वो टी20 क्रिकेट की बीस पारियों में 207.40 के स्ट्राइक रेट से 784 रन बना चुके हैं जिसमें 3 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं।