विराट नगर उपकेंद्र में 3.15 एमवीए का अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर ऊर्जीकृत 13,900 से अधिक उपभोक्ताओं को मिलेगी पर्याप्त वोल्टेज के साथ गुणवत्तापूर्ण बिजली…
दुर्ग, 27 अप्रैल 2026 – विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, दुर्ग क्षेत्र के अंतर्गत बोरसी जोन के 33/11 केवी विराट नगर उपकेंद्र में दिनांक 24 अप्रैल 2026 को नया पावर ट्रांसफार्मर सफलतापूर्वक चार्ज किया गया। बढ़ते विद्युत भार को प्रबंधित करने के उद्देश्य से 61 लाख 91 हजार रुपये की लागत से 3.15 एमवीए क्षमता का यह अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। इस विस्तार के साथ ही उपकेंद्र की कुल क्षमता अब बढ़कर 13.15 एमवीए हो गई है, जहाँ पहले से 05 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर स्थापित थे।
उक्त नये कार्य से विराट नगर उपकेंद्र से जुड़े बोरसी क्षेत्र के लगभग 13,900 से अधिक घरेलू और गैर-घरेलू उपभोक्ताओं को सीधा लाभ पहुँचेगा। अतिरिक्त क्षमता जुड़ने से क्षेत्र में ओवरलोडिंग की समस्या समाप्त होगी और उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी। कार्यपालक निदेशक, दुर्ग क्षेत्र श्री संजय खंडेलवाल ने कहा कि विभाग का लक्ष्य है कि गर्मी के मौसम में बढ़ती बिजली की मांग के बीच उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके, जिससे क्षेत्र की विद्युत अधोसंरचना और अधिक मजबूत होगी।
ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकरण के दौरान मुख्य रूप से अधीक्षण अभियंता श्री जे. जगन्नाथ प्रसाद और कार्यपालन अभियंता श्री आर.के. दानी, श्री धर्मेंद्र कुमार भारती, श्रीमती दुर्गेश नंदिनी, सहायक अभियंता श्री राजेंद्र गिरी गोस्वामी, श्री डिलेन्द्र कुमार देशमुख, श्री डी.के.साहू, श्री राहूल सिंह, श्री महेष्वर टंडन, श्रीमती रुचि सेलेट एवं श्रीमती मोनिका नायर सहित तकनीकी कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह कदम भविष्य की जरूरतों और शहरी विस्तार को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।

