June 5, 2026

भिलाई महिला महाविद्यालय में निःशुल्क समर कैंप का भव्य समापन…

IMG-20260427-WA0016

भिलाई महिला महाविद्यालय,भिलाई में कक्षा 11वीं एवं 12वीं की छात्राओं के लिए आयोजित निःशुल्क समर कैंप का अत्यंत हर्षोल्लास, उल्लासपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक समापन किया गया।

दस दिवसीय इस समर कैंप में विभिन्न विद्यालयों की लगभग 30 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। संपूर्ण शिविर के दौरान छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य, व्यक्तित्व विकास, आत्मनिर्भरता एवं कौशल संवर्धन को ध्यान में रखते हुए विविध ज्ञानवर्धक, रोजगारोन्मुख एवं रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

कैंप के अंतर्गत छात्राओं को टाई एंड डाई, बाटिक प्रिंटिंग, मेहंदी कला, कैलिग्राफी, जुम्बा, क्रोशिया, पेपर आर्ट, पॉट मेकिंग सहित अनेक उपयोगी एवं आकर्षक गतिविधियाँ सिखाई गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं में सृजनात्मकता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, नवाचार सोच एवं नवीन कलाओं के प्रति रुचि विकसित हुई।

इस दस दिवसीय शिविर के दौरान छात्राओं हेतु रील मेकिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रतिभा छाया क्लोडियस ने छात्राओं को उद्बोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण हेतु आयोजित इस समर कैंप की सराहना की तथा कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

समापन समारोह में प्रमाण-पत्र वितरण महाविद्यालय की उप-प्राचार्या डॉ आशा रानी दास द्वारा किया गया। उन्होंने छात्राओं को निरंतर सीखते रहने, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने एवं अपने कौशल का सदुपयोग करने हेतु प्रेरित किया।

निःशुल्क समर कैंप में IQAC इंचार्ज डॉ भावना पांडे एवं समर कैंप की संपूर्ण टीम डॉ. रीना शुक्ला, श्री दीपक दास मानिकपुरी, डॉ. दीप्ति चौहान, सुश्री ज्योति शर्मा एवं श्रीमती नेहा श्रीवास्तव का इस आयोजन को सफल बनाने हेतु योगदान रहा।

 

समापन समारोह में महाविद्यालय की प्राध्यापिकाएँ डॉ. राजश्री चंद्राकर, डॉ. भारती वर्मा, डॉ. मोहना सुशांत पंडित, डॉ. राजश्री शर्मा, डॉ. निधि मोनिका शर्मा, श्रीमती सलमा मोहम्मद सफी, डॉ. अनुपमा श्रीवास्तव, डॉ. रीना शुक्ला, डॉ. सरिता जोशी, डॉ. सुकन्या घोष, डॉ. सरिता मिश्रा एवं श्रीमती आशा साहू उपस्थित रहीं तथा छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने एवं अपने कौशल को निखारने हेतु प्रेरित किया।