June 5, 2026

सुशासन तिहार शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 74 आवेदन प्राप्त — पीएम आवास हितग्राहियों को मिली भुवन अनुज्ञा व गृह प्रवेश की सौगात…

IMG-20260513-WA0027

केशकाल: नगर पंचायत केशकाल जिला कोंडागांव में सुशासन तिहार अंतर्गत जिला स्तरीय शिविर का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने हेतु व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी प्रदान करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने की प्रक्रिया भी पूर्ण की गई।

शिविर में राजस्व विभाग के 9 आवेदन, महिला एवं बाल विकास विभाग के 3 आवेदन, विद्युत विभाग के 4 आवेदन, उज्ज्वला योजना हेतु 17 आवेदन तथा क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों जैसे सीसी सड़क, नाली एवं भवन निर्माण हेतु 25 आवेदन प्राप्त हुए। अन्य योजनाओं के आवेदनों सहित कुल 74 आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें ऑनलाइन पोर्टल में दर्ज कर निर्धारित समयावधि में निराकरण किया जाएगा।

कार्यक्रम के अगले चरण में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 अंतर्गत स्वीकृत आवासों के हितग्राहियों को मंचस्थ जनप्रतिनिधियों एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुश्री आकांक्षा नायक द्वारा भुवन अनुज्ञा प्रदान की गई। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्ण हो चुके मकानों के हितग्राहियों को चाबी सौंपकर गृह प्रवेश भी कराया गया, जिससे हितग्राहियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

शिविर में राजस्व, नगरीय प्रशासन, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, खाद्य तथा बिजली विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन की समस्याओं का निराकरण किया गया। अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान हेतु आवश्यक निर्देश भी दिए तथा योजनाओं से संबंधित आवेदन एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया।

कार्यक्रम में सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे एवं शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। शिविर में नगर पंचायत केशकाल के अध्यक्ष श्री बिहारी लाल शोरी, पार्षद श्री पंकज नाग, श्री भूपेश चंद्राकर, श्री महेश तारम, श्रीमती नम्रता भारद्वाज, सुश्री पूँजलता मरकाम, श्री सुदर्शन कुंजाम, श्री राजेंद्र ठाकुर, श्री हेमंत बांधे तथा वरिष्ठ समाजसेवी श्री कृष्णदत्त उपाध्याय सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी नामेश्वर कावड़े ने बताया कि शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही तथा शासन की योजनाओं के प्रति लोगों में सकारात्मक उत्साह देखने को मिला। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत केशकाल की हमेशा कोशिश रहती है कि शासन की योजनाओं का लाभ क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।