June 5, 2026

विश्व पर्यावरण दिवस पर रमन नगर में चला स्वच्छता महाअभियान….

IMG-20260605-WA0010
  • नगर पालिका अध्यक्ष रेखा गढ़वाल ने नागरिकों से की शहर को स्वच्छ रखने में सहभागिता की अपील

जांजगीर-नैला, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जांजगीर-नैला नगर पालिका द्वारा वार्ड क्रमांक 18 रमन नगर में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सामाजिक संगठनों ने एकजुट होकर स्वच्छता का संदेश दिया और क्षेत्र में व्यापक साफ-सफाई की।

नगर पालिका अध्यक्ष रेखा गढ़वाल के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में नगरपालिका के इंजीनियर, पार्षदगण, कर्मचारी, सफाई कर्मी, एनसीसी एवं स्काउट के सदस्य, सोन चिरैया टीम तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सभी ने श्रमदान कर स्वच्छ, सुंदर और हरित शहर के संकल्प को साकार करने का प्रयास किया।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा गढ़वाल ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली जनभागीदारी की प्रक्रिया है। उन्होंने अभियान में शामिल सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संगठनों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जांजगीर-नैला को स्वच्छ, स्वस्थ और आदर्श नगर बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भूमिका आवश्यक है।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहें तथा नगर को साफ-सुथरा रखने के अभियान में निरंतर सहयोग प्रदान करें।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस स्वच्छता महाअभियान ने न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया, बल्कि सामूहिक प्रयासों की शक्ति को भी रेखांकित किया। जनसहभागिता से सजे इस आयोजन ने स्वच्छ नगर, स्वस्थ जीवन और हरित भविष्य के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान की।