June 5, 2026

रेत माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा…

IMG-20260605-WA0021
  • अवैध उत्खनन व परिवहन में संलिप्त 11 वाहन जब्त, पहुंच मार्ग भी किया गया बाधित

जांजगीर-चांपा, 5 जून। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने केवा (नवापारा) और हाथनेवरा क्षेत्र में औचक जांच अभियान चलाकर रेत के अवैध कारोबार में लिप्त 11 वाहनों को जब्त किया है।

खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जांच के दौरान बिना वैध दस्तावेजों के रेत का परिवहन करते पाए गए 5 हाईवा और 6 ट्रैक्टर को मौके से जब्त किया गया। जब्त वाहनों में से 9 वाहनों को पुलिस लाइन खोखरा तथा 2 ट्रैक्टरों को नवागढ़ थाना परिसर में सुरक्षा की दृष्टि से रखा गया है।

संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान नवापारा रेत खदान क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से खदान तक पहुंचने वाले मार्ग को जेसीबी मशीन की सहायता से काटकर अवरुद्ध कर दिया गया, जिससे अवैध परिवहन पर तत्काल रोक लगाई जा सके।

खनिज अधिकारी ने बताया कि दर्ज प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दोषियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कदम उठाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में रेत सहित अन्य खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।