ऑफिसर्स एसोसिएशन एवं श्री बालाजी हॉस्पिटल, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित…
ऑफिसर्स एसोसिएशन, भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी), भिलाई एवं श्री बालाजी हॉस्पिटल, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 07 जून 2026 को प्रगति भवन, सिविक सेंटर, भिलाई में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन प्रातः 10.30 बजे से अपराह्न 3.30 बजे तक किया गया, जिसमें बीएसपी के अधिकारियों, कार्मिकों तथा भिलाई नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्वास्थ्य जांच शिविर का मुख्य उद्देश्य जनसमुदाय में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए प्रेरित करना था। उल्लेखनीय है कि ऑफिसर्स एसोसिएशन द्वारा समय-समय पर ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता रहा है, जिन्हें अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों का भरपूर समर्थन और सराहना प्राप्त होती रही है।
शिविर में श्री बालाजी हॉस्पिटल, रायपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनमें डॉ. रवि धर (नेफ्रोलॉजी), डॉ. पराग सागर (कार्डियोलॉजी), डॉ. रूतिक पटेल (गैस्ट्रोएंटरोलॉजी), डॉ. आर्चित वर्मा (ऑर्थाेपेडिक्स), डॉ. वैभव कुशवाहा (ऑन्कोलॉजी) तथा डॉ. सलभ अग्रवाल (जनरल मेडिसिन) शामिल थे। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ प्रतिभागियों को विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
कार्यक्रम के प्रारंभ में सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
यह स्वास्थ्य जांच शिविर सेफी के चेयरमैन एवं ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री एन.के. बंछोर तथा ओए कोषाध्यक्ष श्री सौभाग्य रंजन साहू के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर श्री एन.के. बंछोर ने कहा कि वर्तमान जीवनशैली में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित लोगों से चिकित्सकों द्वारा दिए गए सुझावों एवं स्वास्थ्य संबंधी उपायों को अपनाने का आग्रह किया। वहीं श्री सौभाग्य रंजन साहू ने सभी चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में सहयोग देने का अनुरोध किया।
शिविर में 105 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाया। प्रतिभागियों ने इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया।
कार्यक्रम का संचालन ऑफिसर्स एसोसिएशन के सचिव प्रहलाद मौर्या द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सेफी चेयरमैन एवं बीएसपी ऑफिसर्स एसोसिएशन अध्यक्ष नरेंद्र कुमार बंछोर, कोषाध्यक्ष सौभाग्य रंजन साहू, उपाध्यक्ष रेमी थॉमस, सचिव प्रहलाद मौर्या, एक्स-ओए अध्यक्ष श्री एस.आर. दास, पूर्व महासचिव परविंदर सिंह, राजीव पांडेय, मिलिंद बंसोड, संजय तिवारी, एक्स एम्पलाईज के ओर से डॉ रमेश कुमार श्रीवास्तव, रामजशपाल, राजेन्द्र सहित बड़ी संख्या में अधिकारीगण एवं भिलाई नगरवासी उपस्थित रहे।


