त्वचा दिखेगी फ्रेश-चमकदार, डलनेस होगी दूर करने के लिए करें ये असान मसाज…
- महंगे फेशियल की नहीं जरूरत! त्वचा दिखेगी फ्रेश-चमकदार, डलनेस होगी दूर, ग्लोइंग स्किन के लिए करें ये असान मसाज
Simple Massage Tips: खूबसूरत और स्वस्थ त्वचा पाने के लिए हमेशा महंगे ब्यूटी ट्रीटमेंट या पार्लर जाने की जरूरत नहीं होती. घर पर नियमित रूप से की गई एक आसान फेस मसाज भी आपकी त्वचा को तरोताजा और चमकदार बना सकती है. इस लेख में जानें फेस मसाज का आसान तरीका.
चेहरे की मांसपेशियों को आराम देने, रक्त संचार बेहतर करने और त्वचा को प्राकृतिक निखार देने के लिए फेशियल मसाज बहुत मददगार साबित होता है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे करने में रोजाना सिर्फ कुछ मिनट लगते हैं. रोजाना कुछ मिनट की यह फेस मसाज आपकी स्किन को स्वस्थ, रिलैक्स और अधिक चमकदार बना सकती है.
फेस मसाज शुरू करने से पहले अपने हाथों और चेहरे को अच्छी तरह साफ कर लें. इसके बाद चेहरे पर थोड़ा सा फेस ऑयल, सीरम या मॉइस्चराइजर लगाएं ताकि उंगलियां आसानी से त्वचा पर चल सकें.
सबसे पहले गर्दन की मसाज करें. दोनों हाथों की मदद से गर्दन के निचले हिस्से से ऊपर की ओर जबड़े तक हल्के हाथों से स्ट्रोक करें. इससे गर्दन की मांसपेशियां रिलैक्स होती हैं और त्वचा मसाज के लिए तैयार हो जाती है.
इसके बाद जबड़े की लाइन को मसाज दें. अपनी उंगलियों के पोर या नकल्स को ठुड्डी के बीच में रखें और धीरे-धीरे कानों की ओर ले जाएं. इस प्रक्रिया को दोनों तरफ कई बार दोहराएं.
गालों की मसाज के लिए उंगलियों को नाक के पास रखें और ऊपर व बाहर की दिशा में कनपटियों तक ले जाएं. यह चेहरे की थकान कम करने और त्वचा को टाइट दिखाने में मदद कर सकता है.
हंसने पर बनने वाली लाइनों को स्मूद करने के लिए तर्जनी और मध्यमा उंगली से मुंह के आसपास हल्के गोलाकार घुमाव में मसाज करें.
आंखों के आसपास की त्वचा बहुत नाजुक होती है. इसलिए रिंग फिंगर की मदद से आंखों के अंदरूनी कोनों से शुरू करते हुए नीचे और फिर कनपटियों तक हल्के-हल्के टैप करें.
माथे की मसाज के लिए उंगलियों को भौंहों के बीच रखें और धीरे-धीरे कनपटियों की ओर ले जाएं. फिर माथे पर ऊपर की दिशा में हल्के स्ट्रोक दें. इससे तनाव कम करने में मदद मिलती है.
इसके बाद कनपटियों और भौंहों के बीच वाले हिस्से पर कुछ सेकंड हल्का दबाव डालें और छोड़ दें. अंत में चेहरे के बीच से उंगलियों को बाहर की ओर और फिर गर्दन के किनारों से नीचे की तरफ ले जाएं. यह प्रक्रिया चेहरे को तरोताजा महसूस कराने में मदद करती है.