June 13, 2026

सेक्टर-07 में दूषित पेयजल की समस्या को लेकर लक्ष्मीपति राजू की पहल रंग लाई, विधायक देवेंद्र यादव ने तत्काल विधायक निधि से वाटर एटीएम एवं बोरिंग करवाने की स्वीकृत दी…

IMG-20260613-WA0014

भिलाई नगर। सेक्टर-07 क्षेत्र में बीएसपी पाइपलाइन के माध्यम से आपूर्ति किए जा रहे पेयजल के दूषित एवं बैक्टीरिया युक्त पाए जाने तथा क्षेत्र में पीलिया (जॉन्डिस) सहित अन्य जलजनित बीमारियों के बढ़ते मामलों को गंभीरता से लेते हुए लक्ष्मीपति राजू पार्षद एवं अध्यक्ष खाद्य, लोक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विभाग नगर पालिक निगम भिलाई, ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने क्षेत्र में लगातार मिल रही शिकायतों एवं नागरिकों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे दुष्प्रभाव को देखते हुए माननीय विधायक देवेंद्र यादव से भेंट कर तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की।

लक्ष्मीपति राजू ने विधायक को अवगत कराया कि सेक्टर-07 के विभिन्न क्षेत्रों में बीएसपी पाइपलाइन से आने वाला पेयजल दूषित पाया जा रहा है, जिसके कारण अनेक परिवारों में पीलिया एवं अन्य जलजनित बीमारियों के मामले सामने आए हैं। दूषित जल आपूर्ति के कारण क्षेत्रवासियों में भय एवं चिंता का वातावरण निर्मित हो गया है तथा स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता एक गंभीर समस्या बन चुकी है। उन्होंने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए तत्काल वैकल्पिक एवं स्थायी व्यवस्था आवश्यक है।

क्षेत्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए माननीय विधायक देवेंद्र यादव ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और नागरिकों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से विधायक निधि से *सेक्टर 07 के सड़क क्रमांक 19 एवं सड़क क्रमांक 37* में *दो आधुनिक वाटर एटीएम* स्थापित कराने तथा सेक्टर-07 क्षेत्र में *5 नए बोरिंग* करवाने का स्वीकृति दी। विधायक ने कहा कि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे तथा आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।

लक्ष्मीपति राजू ने कहा कि सेक्टर-07 के नागरिक लंबे समय से स्वच्छ पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। विधायक देवेंद्र यादव द्वारा त्वरित संज्ञान लेकर समाधान का आश्वासन दिए जाने से क्षेत्रवासियों में राहत एवं विश्वास का माहौल बना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वाटर एटीएम एवं नए बोरिंग की स्थापना से क्षेत्र के हजारों नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा तथा पीलिया सहित अन्य जलजनित बीमारियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

उन्होंने क्षेत्रवासियों की ओर से विधायक देवेंद्र यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर उनकी संवेदनशीलता एवं तत्परता जनता के हित में सराहनीय है। आने वाले समय में इन कार्यों के पूर्ण होने से सेक्टर-07 के नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी और क्षेत्र में पेयजल संकट का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सकेगा।

You may have missed