IAS सुरुचि सिंह ने संभाला भिलाई नगर निगम आयुक्त का पद, जनकल्याण और पारदर्शिता को बताया प्राथमिकता…
भिलाई।भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की अधिकारी सुरुचि सिंह ने सोमवार को विधिवत नगर पालिक निगम भिलाई के नए आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। राज्य शासन के हालिया प्रशासनिक फेरबदल के तहत उनकी नियुक्ति की गई है। इससे पहले वे जिला पंचायत राजनांदगांव की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं।
पदभार ग्रहण करने के बाद निगम मुख्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवपदस्थ आयुक्त का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
पदभार संभालने के बाद आयुक्त सुरुचि सिंह ने कहा कि राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र नागरिक तक पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और नागरिक हितों को केंद्र में रखकर कार्य करने की बात कही।
इस अवसर पर निगम अधिकारियों ने उन्हें नगर निगम की वर्तमान विकास परियोजनाओं, विभिन्न विभागों की प्रगति तथा चल रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। माना जा रहा है कि उनके प्रशासनिक अनुभव और कार्यकुशलता से भिलाई नगर निगम के विकास कार्यों को नई दिशा और गति मिलेगी।